संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। लघु सचिवालय स्थित सभागार में वीरवार को किसान आंदोलन को देखते हुए कैथल ब्लॉक के सरपंचों व अन्य प्रबुद्ध लोगों के साथ डीसी प्रशांत पंवार ने बैठक की। इस मौके पर डीसी प्रशांत पंवार ने कहा कि जिला प्रशासन सदैव नागरिकों को सुरक्षा प्रदान करने व शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्पर हैं। सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन का पूरा सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि गांव में प्रबुद्ध व्यक्ति अपने आसपास के लोगों को समझाएं कि वे रोड जाम जैसी गतिविधियों में संलिप्त नहीं हो। इस मौके पर उनके साथ एसपी उपासना भी मौजूद रही। डीसी प्रशांत पंवार ने कहा कि जिला में धारा 144 लगाई है, सभी से आह्वान है कि वे कानून व्यवस्था को बनाए रखें। आसपास के लोगों विशेषकर युवाओं को ऐसी गतिविधियों से दूर रखें। किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं हो। अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कोई समस्या है तो तुरंत जिला प्रशासन के संज्ञान में जरूर लाएं।
इस मौके पर एसडीएम कपिल कुमार, देवेंद्र कुमार, आरटीए गिरिश कुमार, एमडी शुगर मिल ब्रह्म प्रकाश, डीडीपीओ कंवर दमन, तहसीलदार अनिल बिढ़ान व दिनेश कुमार, नायब तहसीलदार आशीष, गौरव, जोगिंद्र कुमार के अलावा कैथल ब्लॉक के सरपंच आदि मौजूद रहे।