कैथल। गांव काकौत में पंचायती जमीन के ठेके की बोली के दौरान हुए विवाद में एक युवक पर गंडासी से हमला कर दिया। शिकायत पर तितरम थाना पुलिस ने आरोपी बाप-बेटे पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में सुरेंद्र ने बताया कि 13 मई को वह गांव के पंचायती भवन में ठेके की बोली के लिए गया था। वहां रविंद्र और उसका बेटा अभिषेक किसी बात के लिए उसे गालियां देने लगे। कुछ देर बाद पंचायत भवन के बाहर रविंद्र ने गंडासी से उस पर हमला कर दिया। बचाव के दौरान वार उसके सिर व हाथ पर लगा जिससे वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद अभिषेक ने उसके साथ मारपीट की। शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग गए और जान से मारने की धमकी दी। जांच अधिकारी एएसआई संजय कुमार ने बताया कि आरोपी बाप व बेटे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।