ट्रक आपरेटरों और राइस मिलर एसोसिएशन के बीच माल की ढुलाई को लेकर उठे विवाद के बीच ट्रक आपरेटरों ने व्यापारियों की धान से भरी ट्रालियां पकड़ पकड़कर पुलिस के हवाले करनी शुरू कर दी। कुछ साथियों के खिलाफ एक राइस मिलर के ट्रक को अगवा करने के आरोप में दर्ज हुए मामले के बाद ट्रक आपरेटरों ने यह ऐलान किया था कि वे किसी भी व्यापारी को ट्रैक्टर ट्राली में धान की ढुलाई करने नहीं देंगे।
अगर व्यापारी बाहर से ट्रक लाकर धान ढोएंगे तो उन्हें किसी भी सूरत में लोडिंग नहीं करने देंगे। सुबह सैकड़ों ट्रक ओपरेटर एक कंपनी बैनर तले ट्रक यूनियन चीका में एकत्र हुए तथा ट्रक ऑपरेटरों के खिलाफ दर्ज ट्रक को अगवा करने का मामला निरस्त करने की मांग की। प्रदेश सरकार व एसपी कैथल के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए ट्रक ऑपरेटरों ने कहा कि जिला पुलिस व्यापारियों के दबाव में काम कर रही है। ट्रक वालों के खिलाफ उसी दबाव के चलते बेबुनियाद मामला दर्ज किया गया है।
विदित रहे कि शनिवार शाम को पिहोवा रोड स्थित मनसा देवी राइस मिल मालिक जय भगवान ने थाना चीका में शिकायत दर्ज करवाई थी कि कुछ लोग हथियारों के दम पर उसका चावल से भरा ट्रक अगवा करके ले गए हैं। पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई की तो यह ट्रक चीका ट्रक यूनियन में खड़ा पाया। इस मामले में बाद में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था।
वहीं ट्रक ऑपरेटरों बिंदर सीड़ा, गुरमेल सैणी, अजीत सिंह, देवराज, नरेंद्र, गुरमेल सिंह, सूबा राम, प्रीतम सिंह, फकीर खान, बलकार सिंह, सुल्तान ङ्क्षसह, राधे, बिट्टू व श्याम ने बताया कि राइस मिलर ट्रेक्टर ट्रालियों में अवैध रूप से माल ढोते हैं। इसके अलावा बाहर से ट्रक लाकर उस पर ओवर लोड माल की ढुलाई की जा रही है। इससे जहां कानून का उल्लंघन तो हो ही रहा है ट्रांसपोर्ट का धंधा भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।