संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। भाजपा के जिला कार्यालय कपिल कमल में शनिवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यक्रम के शुरू होने से भीड़ में बैठने की व्यवस्था न होने के चलते कई कार्यकर्ताओं में नाराजगी दिखी। इस दौरान पार्टी सदस्यता के कार्यक्रम की शुरुआत से पहले कुछ समय तक अव्यवस्था का माहौल रहा, लेकिन बाद में आयोजकों की ओर से मंच के सामने अतिरिक्त कुर्सियां बिछाई गई। इसके बाद वहां पर कार्यकर्ता बैठे।
जगह न मिलने पर नगर परिषद की उपाध्यक्ष सीमा में भी रोष रहा, लेकिन कुछ समय के बाद उन्हें कुर्सी दे दी गई। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम शुरू होने के बाद जब पार्टी की ओर से नए सदस्यों को सदस्यता दी जानी थी। शुरुआत में कुछ सदस्यों को तो सीएम ने पार्टी का पटका पहना दिया, पर बाद में समय का हवाला देकर एक साथ सदस्यता ग्रहण करने की बात की गई, तभी हैफेड चेयरमैन कैलाश भगत ने सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी का पटका पहनाने की मांग की। सीएम ने नए सदस्यों ने पटका पहना। वहीं, कार्यक्रम की शुरुआत से पहले कार्यकर्ताओं में रोष दिखा था, लेकिन बाद में वरिष्ठ पदाधिकारियों ने मामला शांत करवाया।