सीवन। भारत विकास परिषद शाखा सीवन के सदस्यों ने रविवार को एक निजी प्रतिष्ठान पर बैठक किम इस बैठक में आगामी 16 फरवरी को होने वाले आठवें सामूहिक सरल विवाह की तैयारियों पर चर्चा की। बैठक में फैसला लिया गया कि इस तैयारियों के लिए एक विशेष टीम का गठन किया जाएगा। सदस्यों ने बताया कि इस पुनीत कार्य के तहत जरूरतमंद परिवारों की पांच कन्याओं का विवाह बाबा नारायण दास सत्संग भवन में संपन्न करवाया जाएगा।
इस आयोजन में समाज के दानी सज्जनों का विशेष सहयोग रहेगा। बैठक की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष अशोक गोयल ने की। बैठक में समारोह की रूपरेखा तैयार की गई और सभी सदस्यों को उनके दायित्व सौंपे गए। साथ ही सौंपे गए कार्यों की समीक्षा भी की गई। बैठक में शाखा के सदस्य तरसेम सैनी, मोहित बंसल व अधिवक्ता रमेश राणा ने जानकारी दी कि यह आयोजन समाज सेवा के क्षेत्र में एक मिसाल बनेगा।
इस अवसर पर सभी सदस्यों ने पूर्ण समर्पण और सहयोग की भावना के साथ आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया। शाखा के पदाधिकारियों ने कहा कि यह विवाह समारोह समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी प्रोत्साहित करेगा। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से इस पुण्य कार्य में सहयोग देने की अपील की। इसमें शाखा के वरिष्ठ सदस्य महेंद्र मुंजाल, पूर्व प्रधान अनिल गर्ग, मोतीराम जांगड़ा, संगीत बंसल, सुभाष गर्ग, अधिवक्ता असीम शर्मा, नरेंद्र सैनी, अधिवक्ता सुरेंद्र आदि मौजूद रहेे।