चंदाना गांव में एक महिला को घर में कैद करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है इस महिला को पिछले दो दिन से उसके ही नाबालिग बेटे ने कैद किया था। इसका पता जब ग्रामीणों को लगा तो लोग महिला के घर पहुंचे। महिला मदद के लिए घर के गेट से बाहर को हाथ निकाले हुए आवाज दे रही थी और पड़ोसियों से रोटी मांग रही थी। इसके बाद ग्रामीणों ने डायल 112 को सूचित किया। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। बता दें कि महिला दिव्यांग है।
पति की सड़क हादसे में हुई थी मौत
पड़ोसियों का कहना था कि महिला के पति की करीब एक साल पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद पति की बीमा की राशि लेकर मां और बेटे में विवाद रहता था। वहीं, पुलिस की ओर से की गई जांच में महिला के नाबालिग बेटे ने बताया कि उसकी मां दिमागी तौर पर परेशान है। वह आत्महत्या करने की धमकी देकर घर से चली जाती थी। इसलिए उसे मैंने घर में रहने को बोलकर बाहर से ताला लगाया। बेटे का कहना है कि ऐसा मैंने अपनी मां की सुरक्षा के लिए किया।