फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: शहर के सेक्टर-18 के नाले में पसरी गंदगी

Mon, 22 Jun 2026 03:36 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
विज्ञापन
ग्योंग ड्रेन में जमा गंदगी। संवाद
विज्ञापन
कैथल। शहर के सेक्टर-18 स्थित ग्योंग ड्रेन में लंबे समय से जमा गंदगी स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। लोगों का कहना है कि कई महीनों से नाले की सफाई नहीं हुई है, जिससे उसमें कचरा, झाड़ियां और गंदा पानी जमा है। स्थिति यह है कि नाले से उठने वाली दुर्गंध के कारण आसपास से गुजरना भी मुश्किल हो गया है।
विज्ञापन

यह ड्रेन जिला नागरिक अस्पताल के निकट स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन आते-जाते हैं। अस्पताल के आसपास गंदगी होने से स्वास्थ्य संबंधी खतरे बढ़ने की आशंका भी बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
सेक्टर-18 निवासी राजेश कुमार ने बताया कि ड्रेन की नियमित सफाई नहीं होने से उसमें कूड़ा-कचरा जमा हो गया है। गर्मी और उमस के मौसम में दुर्गंध और अधिक बढ़ जाती है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में यह समस्या और गंभीर हो सकती है।
विज्ञापन

राहगीर सुनीता देवी ने कहा कि जिला नागरिक अस्पताल आने वाले मरीजों और बुजुर्गों को इस रास्ते से गुजरना पड़ता है। ग्योंग ड्रेन से उठने वाली बदबू के कारण लोगों को काफी असुविधा होती है। उन्होंने प्रशासन से जल्द सफाई कराने की मांग की।
मनोज कुमार ने बताया कि ग्योंग ड्रेन में गंदगी जमा होने से मच्छरों की संख्या भी बढ़ गई है। शाम के समय यहां से गुजरना भी मुश्किल हो जाता है। यदि समय रहते सफाई नहीं कराई गई तो संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ सकता है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि नगर परिषद को नियमित रूप से इसकी सफाई करानी चाहिए जिससे नागरिकों को ऐसी समस्याओं का सामना न करना पड़े। उन्होंने मांग की कि सेक्टर-18 के इस ग्योंग ड्रेन की तत्काल सफाई करवाई जाए।
लोगों का मानना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील क्षेत्र के आसपास स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होना बेहद जरूरी है। ऐसे में संबंधित विभाग को जल्द कार्रवाई कर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान करनी चाहिए। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें