कैथल। जिले के बस यात्रियों के लिए राहत की खबर है। कैथल डिपो ने शनिवार को शिमला के रामपुर के लिए कैथल से नई बस सेवा शुरू कर दी गई है। इस बस सेवा के माध्यम से अब कैथल के लोग आसानी से पहाड़ों की सैर करने जा सकेंगे। यह बस कैथल से वाया पिहोवा, अंबाला, डेरा बस्सी, जीरकपुर, चंडीगढ़, पिंजौर, कालका, परवाणु व शिमला के रामपुर पहुंचेगी। ऐसे में अब यात्रियों को शिमला जाने के लिए बसों को नहीं बदलना पड़ेगा।
बस यात्रियों की ओर शिमला के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने की लंबे समय से मांग की जा रही थी। माना जा रहा है कि अब गर्मियों में यह सेवा शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। शिमला के रामपुर जाने वाली बस रात के समय चंडीगढ़ नौ बजकर 20 मिनट पर पहुंचेगी। फिर अगले दिन सुबह छह बजे करीब रामपुर पहुंचेगी। इसके बाद यही बस शाम को पांच बजे रामपुर से कैथल के लिए रवाना होगी जो अगले दिन सुबह पांच बजे कैथल पहुंचेगी। इस बस का कैथल से रामपुर तक का किराया 712 रुपये निर्धारित किया गया है।
कैथल डिपो के ड्यूटी इंचार्ज बलकार सिंह का कहना है कि लोगों की मांग को देखते हुए अब दो बसें हिमाचल के रामपुर के लिए शुरू कर दी गई हैं। इस बस सेवा को शनिवार शाम पांच बजे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया है। इसके साथ ही इसी दिन हिसार के अग्रोहा धाम के लिए भी एक बस सेवा शुरू की गई है। यात्रियों की ओर से पिछले लंबे समय से इन दोनों रूट पर बस चलाने की मांग की जा रही थी। अब कैथल से बस के माध्यम से यात्री सीधा हिमाचल की वादियों की सैर करने के लिए जा सकेंगे। उम्मीद है कि इससे रोडवेज की आमदनी में भी इजाफा होगा।