संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। सड़कों पर अतिक्रमण व अवैध पार्किंग ने वाहन चालकों व राहगीरों का जीना दुश्वार कर रखा है। बारिश में तमाम दुकानों के आगे रखा सामान मुख्य मार्ग तक आ पहुंचा है। प्रशासन को नागरिकों व राहगीरों की सुविधा की कोई परवाह नहीं है। प्रतिदिन कई प्रशासनिक अधिकारी इन मार्गों से गुजरते हैं, लेकिन अतिक्रमण एवं मार्ग पर अवैध पार्किंग की ओर ध्यान देने की किसी ने जहमत नहीं उठाई।
कैथल-असंध मार्ग, पूंडरी-राजौंद मार्ग, पूंडरी चौक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास, मेन बाजार के समीप अतिक्रमण दिनोंदिन गंभीर समस्या का रूप लेता जा रहा है। इससे लोगों को भारी समस्या हो रही है। राहगीर व वाहन चालक विजय कुमार, सतीश, रामबीर, राजकुमार ने प्रशासन से मांग की कि बढ़ते अतिक्रमण पर प्रतिबंध लगाकर वाहन चालकों व राहगीरों को आए दिन होने वाली परेशानी से निजात दिलाई जाए।
मुख्य मार्ग पर बने डिवाइडर पर लाइटें न होने से लोगों ने रोष
नगर के मुख्य मार्ग पर बने डिवाइडर पर लाइटें न होने से लोगों ने रोष जताया है। लोगों ने कहा कि चार साल पहले डिवाइडर बनाया था, लेकिन आज तक भी डिवाइडर पर
लाइटें लगाने की जहमत संबंधित विभाग ने नहीं की। आए दिन जहां घटना होती हैं, वहीं राजौंद की सुंदरता को भी ग्रहण लग रहा है।
नागरिक कुलदीप, सोहन, कंवरपाल, रमेश, राजकुमार, कुलदीप, श्याम राणा विशाल राणा ने कहा कि नगर के मुख्य मार्ग पर डिवाइडर बने 4 वर्ष बीत गए हैं लेकिन आज तक भी लाइटें लगाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई, जिससे लोगों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी भारी परेशानी होती है। यहां तक की अभी तक डिवाइडर पर रिफ्लेक्टर टेप भी लगाने की जहमत नहीं उठाई गई। जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। लाइट लगाना तो दूर की बात। डिवाइडर के बीच में छोड़े गए कटों को भी आज तक ठीक नहीं किया गया, जिससे लोगों में भारी रोष हैं। इन लोगों ने कहा कि डिवाइडर पर जो पौधे लगाए गए थे। वह भी देखभाल के अभाव में ज्यादातर डिवाइडर खाली ही नजर आता है।