गुहला-चीका। शहर के दादा खेड़ा चौक जैन धर्मशाला के समीप स्थित पार्क में खाटू श्याम के लाडले संस्था के तत्वावधान में बाबा खाटू श्याम का तीसरा विशाल जागरण करवाया। बाबा का इस विशाल भव्य दरबार में दूर दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने माथा टेका।
जागरण में मुख्य रूप से पधारे कलाकार श्याम सखी गोरी साक्षी वृंदावन, बंटी कुरुक्षेत्र व संजू बाबा चीका ने बाबा के भजन गाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। समाजसेवी जीवन गोयल ने ज्योति प्रचंड करके जागरण का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि बाबा श्याम अपने भक्तों पर हमेशा कृपा बरसाते रहते हैं। इस प्रकार के कार्यक्रमों से माहौल भक्तिमय बनता है। धार्मिक आयोजन आत्मबल व भाईचारा बढ़ाते हैं। इस दौरान आत्मा राम राइस मिल ने विशाल भंडारे की सेवा दी। भक्तों ने अतिथियों को पटका और स्मृति चिह्र देकर सम्मानित किया। विश्व विख्यात भजन गायिका श्याम सखी गोरी साक्षी वृंदावन ने बाबा के मंगलाचरण से संकीर्तन की शुरूआत की। इसके बाद भजनों की अमृत वर्षा से श्यामजी को रिझाया, जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे, लेने आजा खाटू वाले रींगस के उस मोड़ पर, छम-छम नाचे देखो वीर हनुमाना, तू किरपा कर बाबा कीर्तन करवाउंगा।
कार्यक्रम का समापन आरती व प्रसाद वितरण के साथ हुआ इस मौके पर खाटू श्याम लाडले के संस्था के प्रधान मनीष कुमार, राहुल गर्ग, राहुल अग्रवाल, सुमीत सिंगला, नीरज कुमार, प्रथम सिंगला, अमन गुप्ता और रमन जिंदल भी मौजूद थे।