कैथल। खाटू श्याम बाबा के प्रेमियों की ओर से गठित श्री श्याम बालाजी संघ के तत्वावधान में फाल्गुन महोत्सव का आयोजन किया। इस दो दिवसीय महोत्सव के तहत पहले दिन भव्य निशान विशाल यात्रा निकाली। यह जींद रोड स्थित तोरण द्वार से शुरू हुई। इसमें श्रद्धालु बाबा खाटू श्याम के निशान वाले झंडे अपने हाथों में लिए पूरे जोश और भक्ति भाव से आगे बढ़ते रहे।
यात्रा के दौरान शहर भर में हारे के सहारे की जय, खाटू नरेश की जय, तीन बाण धारी की जय के जयकारे गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूर्ण रूप से आध्यात्मिक और भक्तिमय बन गया। यह पहली बार था जब कैथल में इतनी लंबी और भव्य निशान यात्रा का आयोजन किया। श्रद्धालु बाबा के रथ के आगे नाचते-गाते और ढोल-नगाड़ों की धुन पर झूमते हुए निकले। निशान यात्रा में बाबा के रथ पर पुष्प वर्षा की गई।
निशान यात्रा बाबा राजपुरी डेरा और साई मंदिर के पास स्थित खाटू श्याम मंदिर में समाप्त हुई। खाटूश्याम मंदिर परिसर में पहुंचकर सभी श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम की महिमा का गुणगान किया और भक्ति संगीत के साथ आराधना की। इस अवसर पर शाम साढ़े छह बजे मेहंदी उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था प्रकट की और बाबा श्याम के नाम की मेहंदी रचाई। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
शनिवार को को भाई उदय सिंह किले पर शाम को विशाल पंडाल में श्री श्याम वंदना फाल्गुन महोत्सव का आयोजन किया गया। पंडाल में बाबा का विशाल दरबार ड्राईफ्रूट से सजाया गया और सभी श्रद्धालाओं ने लंबी लाइनों में लगकर बाबा के दर्शन किए और ज्योत जलाकर माता टेका। वहीं, श्याम वंदना में बाबा का गुणगान करने पहुंचे भजन गायक, मुकेश बांगड़, चंकू सिस्टर्स, दर्पण शर्मा, पार्थ गोयल व टीनू कुमार ने अपनी सुरीली आवाज में बाबा के कई भजन गाए और श्रद्धालुओं को भक्तिमय कर दिया। इससे वे भजनों पर झूमने पर मजबूर कर दिया। श्री श्याम बालाजी संघ के सदस्यों ने श्याम वंदना महोत्सव में पहुंचे अतिथिगणों व विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों को बाबा श्याम का पटका पहनाकर व बाबा श्याम का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।
वहीं भक्तों का कहना था कि बाबा खाटू श्याम की कृपा से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और उनकी आस्था निरंतर बढ़ रही है। भक्तों ने कहा कि श्री श्याम बालाजी संघ की ओर से आयोजित यह महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और धूमधाम के साथ मनाया गया। उन्होंने बाबा खाटू श्याम की कृपा और चमत्कारों को याद करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से न केवल आध्यात्मिकता को बल मिलता है, बल्कि समाज में एकता और भाईचारे की भावना भी प्रबल होती है। श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारे की व्यवस्था की गई थी। शहर में हुआ भक्तिमय माहौल और गूंजते रहे बाबा के जयकारे। इस भव्य आयोजन ने न केवल बाबा खाटू श्याम के प्रति श्रद्धा को और गहरा किया, बल्कि कैथल शहर में भक्ति और समर्पण की एक नई मिसाल कायम की।