श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियों के तहत निकाली जा रही प्रभात फेरी
संवाद न्यूज एजेंसी
सीवन। श्रीकृष्ण कृपा सेवा समिति ने रविवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियों के तहत चौथी प्रभात फेरी निकाली। समिति के प्रधान सुरेश सरदाना व सदस्य राजेंद्र कामरा ने बताया कि रविवार की प्रभात फेरी गांव पोलड में राजेंद्र आर्य के निवास स्थान से संपन्न हुई। प्रभात फेरी की शुरुआत श्री कृपा बिहारी की ध्वजा को मंदिर से विधिवत निकालकर की गई, जिसे लेकर श्रद्धालु प्रभात फेरी स्थल पर पहुंचे। वहां पहुंचते ही उपस्थित श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर श्रीकृष्ण पालकी का भव्य स्वागत किया। वातावरण जय श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंज उठा। इस अवसर पर भजन गायकों ने अपनी भक्ति प्रस्तुति से ऐसा समां बांध दिया कि श्रद्धालु झूमने पर मजबूर हो गए।
गायक शंटी आहूजा, मोंटी कामरा, केवल मिढा, शक्ति शर्मा और अन्य भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक मधुर भजन प्रस्तुत किए। भजन गायक शंटी आहूजा के जहां बरसाना है, वहीं बस जाना है और जीत कामरा के अरे द्वारपालों कन्हैया से कह दो जैसे भजनों पर भक्त भावविभोर होकर झूमते नजर आए।
प्रभात फेरियों का मुख्य उद्देश्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व को सामूहिक रूप से श्रद्धा और भक्ति भाव से मनाना है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन न केवल धार्मिक चेतना का संचार करता है बल्कि समाज को एकजुट करने का भी कार्य करता है।
प्रभात फेरी में राजेंद्र आर्य, महेंद्र मुंजाल, पार्थ, हरदीप नागपाल, अशोक आनंद, सतनाम मदान, ओमप्रकाश रहेजा, सोनू सैनी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ। समिति ने आगामी दिनों में होने वाली अन्य प्रभात फेरियों में अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धालुओं से भाग लेने की अपील की है।