संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला परिषद भवन स्थित सभागार में मंगलवार को जिला परिषद की सदन की बैठक हुई। बैठक में उपस्थित सभी पार्षदों की सहमति से जिला परिषद के सभी वार्डों के लिए साढ़े पांच करोड़ रुपये के विकास कार्याें को हरी झंडी मिली। पार्षदों की सहमति से चार में से तीन प्रस्ताव पास किए गए।
बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष दीपक मलिक उर्फ दीप जाखौली व सीईओ अश्वनी मलिक ने की। बैठक में साढ़े पांच करोड़ रुपये का बजट सभी 21 वार्डाें में विकास कार्य के लिए लगाने पर सहमति बनी। बैठक में पार्षदों ने अधिकारियों पर विकास कार्याें का पूरा न करवाने का आरोप लगाया। इसके साथ ही अपने-अपने वार्ड में पेयजल की पाइपलाइन, सड़कों का सुधार न होने और बसाें की समस्याओं को उठाया। इस पर अध्यक्ष दीपक मलिक ने अधिकारियों को सख्त आदेश जारी किए।
अध्यक्ष और सीईओ की अनुमति के बाद बैठक की कार्रवाई शुरू की गई। बैठक के शुरू होने के बाद पिछले विकास कार्याें को लेकर पुष्टि की गई। इसमें सभी पार्षदों ने अपनी सहमति जता दी। अध्यक्ष मलिक ने सदन में हाथ उठाकर साढ़े पांच करोड़ रुपये का बजट जारी करने का प्रस्ताव रखा। उपाध्यक्ष कर्मबीर कौल ने विकास कार्य के इस बजट को सभी वार्डों में एक समान रूप से लगाने का बात रखी। इस पर सभी पार्षदों ने अपनी सहमति जताई।
इसके बाद जिला पार्षदों से अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को रखने का प्रस्ताव सदन में रखा। इसके बाद सबसे पहले वार्ड नंबर तीन के पार्षद मुनीष शर्मा ने कहा कि पार्षदों को पंच, सरपंच और ब्लॉक समिति के सदस्यों की तरफ से जारी किए जाने वाले विकास कार्याें को बदलवाने की अनुमति मिले। इस पर सीईओ ने कहा कि इसको लेकर पहले से नियम और शर्तें बनी हैं।
मुनीष ने कहा कि फरल गांव में पानी की समस्या काफी है। इस कारण ग्रामीणों को काफी कठिनाई होती है। इस पर जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ ने कहा कि फरल में महा ग्राम योजना के तहत कार्य होगा। इसी बीच उपाध्यक्ष कर्मबीर कौल ने कहा कि गांव में दी जाने वाली मूलभूत सुविधाओं को लेकर जिप की एक अलग कमेटी बनाई जानी चाहिए।
इसके साथ ही पार्षद के वार्ड में हो रहे विकास कार्याें का भुगतान पार्षद के ही हस्ताक्षर होने के बाद होना चाहिए। इस पर सभी ने सहमति जताई। इसके बाद वार्ड नंबर चार के पार्षद दीप बालू ने कहा कि उसके गांव में बालू से कैथल से बस सेवा शुरू की गई, लेकिन यह सुबह साढ़े नौ बजे के बाद गांव से चलती है। इस पर टीएम रोहताश जांगड़ा ने इसका समाधान करने का आश्वासन दिया।
वार्ड नंबर 17 से पार्षद राकेश खानपुर ने सौथा से सीवन तक बस चलाने की मांग की। इसके बाद वार्ड नंबर नौ के पार्षद देवेंद्र ने मनसा देवी मंदिर से आहूवालिया चौक टूटी हई सड़क का मुद्दा उठाया। इस पर एक्सईएन वरुण कंसल ने इसे जल्द बनाने का आश्वासन दिया। वार्ड नंबर सात की पार्षद कमलेश शर्मा ने नशे की समस्या उठाई। इसके साथ की गांव प्यौदा के स्कूल में पिछले छह महीने पेयजल पाइपलाइन न डालने का आरोप भी लगाया।
वार्ड नंबर 12 के पार्षद प्रतिनिधि विकास तंवर ने थानों में आने वाले लोगों के लिए बैठने, शौचालयों को पेयजल की व्यवस्था करने की मांग उठाई। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग से दिल की बीमारियों के प्रति जागरूकता लाने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने की मांग की। अध्यक्ष मलिक ने जिला परिषद की तरफ से जिले में सभी थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और वाटर कूलर की व्यवस्था बनाने के लिए प्रस्ताव किया।
इस प्रस्ताव के तहत गांवों में जिला परिषद और शहरों में संबंधित नगर परिषद और नगर पालिका की तरफ से यह लगवाने की व्यवस्था की मांग की। इस पर भी सभी पार्षदों ने सहमति जताई। बैठक के दौरान खंड के अनुसार सभी अधिकारियों से विकास कार्य का ब्योरा भी मांगा।
सदन की विशेष बैठक शांतिपूर्ण संपन्न हुई। बैठक में सभी पार्षदों ने अपनी समस्याएं रखी हैं। जल्द ही विकास कार्य लिखित में पार्षद देंगे। इसके बाद उनके वार्ड में विकास कार्य करवा दिए जाएंगे। बैठक में चार में से तीन प्रस्तावों पर सहमति बनी है। इसके तहत साढ़े पांच करोड़ रुपये से विकास कार्य होंगे। - दीपक मलिक, अध्यक्ष जिला परिषद।