कलायत। कलायत विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक विकास सहारण ने सोमवार को लोक निर्माण विश्राम गृह में अपने दो वर्ष के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा। उन्होंने कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं का ब्योरा दिया। विधायक ने दावा किया कि क्षेत्र में 100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों के लक्ष्य पर काम किया गया है।
उन्होंने कहा कि करीब 80 करोड़ रुपये के विकास कार्य शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पूरे करवाए जा चुके हैं। विधायक ने कलायत शहर में खेल स्टेडियम निर्माण के लिए युवाओं के साथ मिलकर आवाज उठाने का एलान किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्टेडियम बनाने का भरोसा दिया है। इसके लिए जमीन उपलब्ध करवाना एक प्रमुख आवश्यकता है। विधायक ने शिक्षा के विस्तार के लिए भी प्रयास जारी रखने की बात कही। उनका लक्ष्य खरक पांडवा गांव में 100 एकड़ से अधिक भूमि पर विश्वविद्यालय बनाना है।
-
अन्य विकास योजनाएं
विकास सहारण ने राजौंद को उपमंडल का दर्जा दिलाने का लक्ष्य बताया। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र में भाखड़ा का पानी पहुंचाने की बात कही। सड़कों के सुदृढ़ीकरण, सिंचाई, चिकित्सा और कृषि सुविधाओं पर भी जोर दिया जाएगा। विधायक ने विकास कार्यों में पारदर्शिता पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में कथित फर्जी कोटेशन पर उचित कार्रवाई का भी आश्वासन दिया।