संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा बतौर मुख्य अतिथि झंडा फहराएंगे। इसके साथ-साथ उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम गुहला में विधायक रामनिवास व कलायत में विधायक ईश्वर सिंह राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। यह जानकारी डीसी प्रशांत पंवार ने दी।
डीसी ने कहा कि 26 जनवरी को जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन पुलिस लाइन मैदान में आयोजित किया जाएगा। सुबह 10 बजे मुख्य अतिथि ध्वज फहराएंगे। इससे पहले मुख्य अतिथि शहीद स्मारक पर जाकर अमर शहीदों को पुष्प चक्र भेंट कर वह श्रद्धांजलि देंगे। समारोह में ध्वज फहराने के बाद परेड निरीक्षण होगा। फिर मुख्यातिथि डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा का जिला वासियों के नाम संबोधन होगा। इसके बाद मार्च पास्ट होगा। फिर स्कूली बच्चों द्वारा सामूहिक पीटी शो, डंबल लेजियम, सूर्य नमस्कार व योगा की प्रस्तुति होगी।
समारोह में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों की ओर से देश भक्ति व लोक संस्कृति को परिभाषित करती हुई प्रस्तुतियां भी होंगी। प्रदेश की विकासात्मक यात्रा पर आधारित झांकियों का प्रदर्शन होगा। इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, समाजसेवकों को भी सम्मानित किया जाएगा। उपमंडल गुहला में समारोह का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के मैदान में तथा कलायत में उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन अनाज मंडी में होगा।
इन स्कूलों के बच्चों की होगी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
26 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न स्कूलों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनमें जवाहर नवोदय विद्यालय की कव्वाली, ओएसडीएवी पब्लिक स्कूल समूह गान, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गीता भवन तथा जाखौली अड्डा का हरियाणवी नृत्य, हिन्दू कन्या स्कूल की नृत्यावली तथा सुपार्श्व जैन पब्लिक स्कूल की नृत्यावली शामिल हैं। इसी प्रकार गणतंत्र दिवस समारोह में ओएसडीएवी पब्लिक स्कूल के बच्चे राष्ट्रीय गान की प्रस्तुति भी देंगे। पूंडरी के विभिन्न सरकारी स्कूल के बच्चों की ओर से समारोह में सूर्य नमस्कार व योग की प्रस्तुति भी होगी।
इन टुकड़ियों की ओर से किया जाएगा मार्च पास्ट
तंत्र दिवस समारोह में जिला पुलिस पुरुष व महिला, जिला होम गार्ड, आरकेएसडी कॉलेज एनसीसी विंग, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राएं गाइड, ऑपन स्काउट तथा प्रजातंत्र की प्रहरियों की ओर से शानदार मार्च पास्ट किया जाएगा।