कैथल। सेक्टर 19 व 20 स्थित ताऊ देवीलाल पार्क में 25 सितंबर को उनकी प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसका अनावरण उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला करेंगे। यह कैथल में स्थापित होने वाली ताऊ देवीलाल की दूसरी प्रतिमा होगी। इससे पहले एक प्रतिमा महेंद्रगढ़ में स्थापित की जा चुकी है।
कार्यक्रम की तैयारी का जायजा लेने के लिए जाट हाई स्कूल सोसायटी के संयोजक सतबीर मलिक व एडहॉक कमेटी के सदस्य बलवान कोटड़ा ने शुक्रवार को ताऊ देवीलाल पार्क में प्रतिमा स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला शिरकत करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्क में 25 सितंबर को होने वाला मूर्ति स्थापना समारोह किसी पर्व से कम नहीं है। स्व. देवीलाल हर वर्ग के नेता रहे हैं। उन्होंने अमीर व गरीब में कोई भेदभाव नहीं समझा। गरीबों का हितैषी होने के कारण आज देश की जनता उन्हें ताऊ के नाम से जानती है।
कोटड़ा ने बताया कि अब जल्द ही इस पार्क में हरियाणा की सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। पार्क में ताऊ देवीलाल की प्रदेश में सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापना के कार्य की देखरेख जाट हाई स्कूल सोसायटी एडहॉक कमेटी के सदस्य बलराज कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह प्रतिमा स्टे मार्बल से जयपुर से तैयार करवाई है। इसकी सवा 11 फुट की ऊंचाई हैं और करीब तीन टन वजन है।