संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मलेरिया, डेंगू व चिकनगुनिया को लेकर लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। इसके तहत बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने पट्टी अफगान, शहर के चंदाना गेट, बैंक काॅलोनी, शक्ति नगर में पहुंचकर जांच की। इस दौरान विभाग ने लार्वा मिलने पर 20 लोगों को नोटिस दिए हैं।
जिले में अब तक 456 लोगों को लार्वा मिलने पर नोटिस दिया जा चुका है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग डेंगू, मलेरिया के साथ ही चिकनगुनिया को लेकर भी लोगों को जागरूक कर रहा है। विभाग के कर्मी सर्वे के तहत पानी के लिए प्रयोग होने वाले बर्तनों की जांच की जाती है। कूलर, फ्रिज, गमले, होदी, पानी की टंकी व घरों के आसपास जमा गंदे पानी में भी लार्वा जांचा जा रहा है। जहां लार्वा मिलता है, वहां संबंधित मकान या दुकान मालिक को नोटिस दिया जाता है। इस दौरान लोगों को मलेरिया व डेंगू से बचाव के बारे में जानकारी दी जाती है।
मलेरिया व डेंगू के जिला नोडल अधिकारी व डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. नीरज मंगला ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने जांच के लिए पूरे जिले में 244 टीमें बनाई हैं।
इसके तहत अब तक एक लाख 68 हजार घरों का सर्वे कर चुका है। इस सर्वे के दौरान लार्वा मिलने पर नोटिस दिया जा चुका है। वहीं, 43 हजार लोगों के खून के सैंपल लिए जा चुके हैं, जो बुखार से पीड़ित थे। अब तक कोई डेंगू या मलेरिया पाॅजिटिव केस सामने नहीं आया है।