संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। गांव चंदाना में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 15 वर्षीय नौवीं कक्षा के छात्र रोहित के सांप के डसने से मौत मामले में शिक्षा विभाग भी हरकत में आया है। इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी रामदिया गागट ने बुधवार को स्कूल में पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चे की मौत के घटनास्थल और स्कूल में सफाई पर जांच की।
वहीं, डीईओ ने इस मामले में जिले के अन्य स्कूलों में एक सप्ताह में सफाई व्यवस्था बनाने के आदेश जारी किए हैं। साथ ही अधिकारी ने अपने स्तर पर मौत मामले में एक रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय में भेजी है। अधिकारी ने बताया कि अभी तक छात्र के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट नहीं आई है। इसलिए अभी केवल अपने स्तर पर ही एक शुरुआती रिपोर्ट बनाई है। उनका कहना है अन्य स्कूलों में भी झाड़ियों की साफ-सफाई की व्यवस्था बनाने के लिए भी खंड स्तर पर बीईओ को नियुक्त किया गया है।
यह है मामला : चंदाना के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को ही 15 वर्षीय बच्चे को सांप ने डस लिया था। इसके बाद इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में इत्तेफाकिया मौत की धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस को दिए गए बयान में मृतक के चचेरे भाई साहिल ने बताया था कि उसके चाचा का लडक़ा रोहित गांव के सरकारी स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ता था। 22 अक्तूबर को रोजाना की तरह वह सुबह स्कूल गया हुआ था। करीब 10 बजे स्कूल में पढ़ाई करते समय रोहित का पेन नीचे गिर गया था।
जैसे ही वह पेन को उठाने लगा तो बैंच की पाइप में घुसकर बैठे सांप ने रोहित को डस लिया। स्कूल स्टाफ ने तुरंत परिजनों को सूचित किया और उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां इलाज के दौरान रोहित की मौत हो गई थी।
नौंवी कक्षा के छात्र रोहित के सांप के डसने के बाद हुई मौत मामले में चंदाना स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक में पहुंचकर जांच शुरू की है। अभी यह जानकारी हासिल की जा रही है कि आखिरकार किन कारणों से ऐसा हादसा हुआ है। इस हादसे के बाद अन्य सभी स्कूलों में एक सप्ताह में सफाई व्यवस्था बनाने के आदेश भी जारी किए गए हैं। - रामदिया गागट, जिला शिक्षा अधिकारी, कैथल।