संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में शुक्रवार को एक बार फिर से मौसम ने करवट ली और घना कोहरा छाया। इस दौरान दृश्यता महज 50 मीटर रही। इस कारण लोगों को काफी परेशानी हुई। प्रशासन का कहना है कि लोगों को वाहन चलाते समय सावधान रहने की जरूरत है। हादसे से बचने के लिए कई उपाए भी बताए।
गौरतलब है कि वीरवार रात से कोहरा शुरू हो गया था। अब शुक्रवार सुबह के समय वाहन रेंगते नजर आए। सुबह के समय कोहरे में चलने के लिए चालकों ने अपने वाहनों की लाइटें जलाकर रखी। पूरा दिन ही ऐसा मौसम रहा। इस दौरान न्यूनतम तापमान भी छह डिग्री से भी नीचे पहुंचा। कोहरा छाने के बाद आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हुआ और दिनचर्या भी प्रभावित हुई।
उधर, मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, मकर संक्राति तक ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। हालांकि इस मौसम में गेहूं की फसल को खूब फायदा मिलेगा। किसानों को सिंचाई करने की भी जरूरत नहीं रहेगी। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 15.1 व न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।
कृषि विज्ञान केंद्र के मुख्य समन्यक डॉ. रमेश वर्मा ने बताया कि मौसम में बदलाव जारी है। अब कंपकंपाने वाली ठंड शुरू हो चुकी है। आगामी एक सप्ताह तक ऐसे ही आसमान में कोहरा छाया रह सकता है। तेज हवाएं चलने से ठंड बढ़ गई है। इसमें अभी और इजाफा होने की संभावना है।
जनजीवन को प्रभावित
सीवन। उत्तर भारत में सर्दी ने अपना जोर दिखाना शुरू कर दिया है। सीवन में भी लगभग पिछले 10 दिनों से कड़ाके की सर्दी पड़ रही है और धुंध ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया हुआ है। शुक्रवार सुबह की शुरुआत भी घनी धुंध के साथ हुई। सुबह से लेकर शाम तक धुंध का प्रभाव बना रहा, जिससे सड़क पर यातायात धीमी गति से चल रहा है। वाहन चालकों को दिन में भी लाइट जलाकर चलना पड़ा।
उधर, किसान सुरेंद्र सरदाना, राजेश रहेजा, जरनैल सिंह, शेर सिंह, सतीश सरदाना, भीषू चौधरी, अंतरजीत सिंह, नवदीप सिंह व अन्य का कहना है कि यह सर्दी गेहूं, सरसों और मटर की फसल के लिए वरदान है। गेहूं और सरसों की फसलों को ऐसी ठंडक की जरूरत होती है, जिससे उनकी उपज बेहतर होती है। संवाद
कोहरे में हादसों से ऐसे बचें...
n
लो बीम पर रखें हेडलाइट ः गाड़ी की हेटलाइट्स को लो बीम पर रखें। ऐसे में आपको सामने से आने वाले गाड़ी स्पष्ट दिखाई देगी।
n
लाइन में चलाएं गाड़ियां ः घने कोहरे में सड़क के बाएं ओर ही देखकर गाड़ी ड्राइव करें। इसका लाभ यह होगा कि बिना किसी भटकाव के आपकी गाड़ी सीधी लाइन में चलती रहेगी।
n
पीली लाइट को फॉलो करें ः गाड़ी ड्राइव करने वालों की आसानी के लिए सड़कों पर पीली लाइट लगाई जाती है। इसे फॉलो करें तो आसानी रहेगी।
n
दूरी का रखें ध्यान ः हादसे से बचने के लिए जरूरी है कि सामने वाली गाड़ी से निश्चित दूसरी बनाकर रखें। असल में कोहरे से सड़कें गीली रहती हैं। ऐसे में संभव है कि जब आप ब्रेक लगाएं तो दूरी कम होने पर आपकी गाड़ी दूसरी गाड़ी से टकरा सकती है।
n
इंडिकेटर : गाड़ी मोड़नी हो तो इंडिकेटर देना शुरू कर दें। मोड़ के आने पर इंडिकेटर न दें। लेकिन मुड़े तब इंडिकेटर जरूर देते रहें।