कैथल। जिले में डेंगू के मरीज लगातार सामने आ रहे हैं। शनिवार को डेंगू के तीन नए संक्रमित केस मिले हैं। इसमें पहला मामला कोटड़ा गांव से, दूसरा गगड़पुर गांव से और तीसरा डिफेंस कॉलोनी कैथल में मिला है। अब जिले में डेंगू के कुल 43 मामले हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग डेंगू के बढ़ते मामलों को देखकर सतर्क हो गया है। जिले में जांच के साथ साथ फॉगिंग का भी कार्य किया जा रहा है।
डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए विभाग ने सैंपलिंग तेज कर दी है। पहले औसतन 20 से 30 लोगों के सैंपल लिए जाते थे, जो शनिवार को लगभग तीन गुना बढ़ गई। 95 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए जिनकी रिपोर्ट सोमवार को आयेगी। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों की ओर से जिलेभर के आठ हजार 590 घरों व दुकानों में डेंगू के लार्वा की जांच की। इस दौरान अलग-अलग टीमों को 18 जगहों पर मच्छर का लार्वा मिला। सभी संबंधित मालिकों को नोटिस दिया गया व साफ-सफाई को लेकर जागरूक किया गया। जिला सिविल सर्जन डॉ. रेनू चावला ने कहा कि पानी की टंकियों को खुला न छोड़ें, अच्छी तरह ढक कर रखें। इन दिनों फुल स्लीव और पैरों को ज्यादा से ज्यादा ढकने वाले कपड़े पहनें। अपने आसपास सफाई का विशेष ध्यान रखें