संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नई अनाज मंडी में कम हो रहे धान के भाव के बीच किसानों में रोष है। इसी कड़ी में वीरवार को नई अनाज मंडी में किसान फिर से गुस्सा गए। इन किसानों ने सुबह के समय धान की सरकारी खरीद शुरू न होने के चलते मार्केट कमेटी में तालाबंदी कर दी। इसके बाद मौके पर डीएमईओ अभिनव वालिया के आश्वासन पर किसान शांत हुए।
इससे पहले ही किसानों ने पाई और पूंडरी में जाम लगाया था। अब धान का भाव 2900 से 2700 व 2650 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है। वीरवार को सुबह के समय तो 1509 किस्म का धान 2700 रुपये बिका, लेकिन दोपहर बाद यह धान 2650 रुपये प्रति क्विंटल बिक गया। प्रदर्शन के दौरान भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले पहुंचे किसानों ने केंद्र व राज्य की सरकार के विरोध में प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
किसान नेता सतपाल दिल्लो वाली और होशियार गिल ने आरोप लगा कहा कि अभी पीआर किस्म के धान की खरीद भी सरकार की ओर से शुरू नहीं की गई है। अनाज मंडी में चारों तरफ धान के ढेर लगे हैं। इस कारण किसानों में बाहरी रोष है। कैथल प्रशासन कोई भी किसान पराली ना जलाए, उसके लिए तो पूरी तैयारी कर चुका है। अब प्रतिदिन एडीसी सहित अन्य अधिकारी बैठक भी लेते हैं। लेकिन धान की खरीद के कोई व्यवस्था अब तक नहीं बनाई है। किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शुक्रवार को सुबह 11 बजे तक खरीद शुरू नहीं की तो किसान ठोस कदम उठाएंगे। वे सरकार से अपील करते हैं कि धान की बहुत सी किस्म 90 दिन में पक कर तैयार हो जाती है। इसलिए सरकार हर वर्ष 20 सितंबर से खरीद शुरू करें, ताकि किसान को अधिक नुकसान ना उठाना पड़े। इस मौके पर किसान नेता प्रदीप कुराड, सुरेश मलिक, सुखपाल मोसरा होशियार सिंह गिल, राममेहर प्यौदा, राजवीर, मुकेश, किताब सिंह रेहड़ा सहित अन्य किसान मौजूद रहे।