कलायत। सात साल की मासूम के साथ दुष्कर्म के बाद जलाकर उसकी हत्या ने जनमानस को झकझोर दिया है। इलाके के कई गांवों ने इस बार फैसला लिया है कि घटना के क्षोभ के चलते अबकी अंधेरी दीवाली मनाई जाएगी। कोई भी पटाखे नहीं जलाएगा। बच्ची को न्याय दिलाने के लिए भारी तादाद में कलायत व आसपास के अन्य के युवा वर्ग ने वीरवार को रोष प्रदर्शन करते हुए कैंडल मार्च निकाला।
नौजवान भारत सभा के अजय, एआईए डांस एकेडमी के असीम, गुलमेहर, जापान सिंह, राहुल व सागर ने कहा कि युवा वर्ग में इस मामले को लेकर पूरा आक्रोश है। मामले के दोषी को तत्काल प्रभाव से फांसी की सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग ने निश्चय किया है कि इस बार दीवाली पर केवल मोमबत्तियां ही जलाएंगे किसी किस्म के पटाखों का प्रयोग नहीं करेंगे। उन्होंने बताया कि अनाज मंडी से शुरू हुई कैंडल मार्च का समापन कैंची चौक पर हुआ। चौक के बीचों बीच युवाओं ने हजारों कैंडल जलाकर मासूम को श्रद्धांजलि अर्पित की।