कलायत। गांव बाता में अध्यापकों के तबादले से नाराज समाजसेवी संगठनों व ग्रामीणों ने रोष प्रदर्शन किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के गेट पर रोष प्रदर्शन के दौरान लोगों ने विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर तबादले रद्द करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन की अगुवाई ग्राम पंचायत ने की। ग्रामीणों को पता लगा कि विज्ञान और गणित के अध्यापकों को विभाग ने बदल दिया है। इस पर ग्रामीणों ने मिलकर मुख्य अध्यापक को ज्ञापन दिया और अध्यापकों का तबादला रुकवाने का आग्रह किया। मुख्य अध्यापक ने ग्रामीणों को दो दिन का समय दिया कि वह उच्च अधिकारियों से बात करेंगे। उसके बाद जो भी कार्रवाई होगी वह अमल में लाई जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि मंगलवार तक इस बदली को नहीं रोका गया तो सरकारी स्कूल को ताला लगा दिया जाएगा। ग्राम पंचायत को आंदोलन करना पड़ा तो वह भी करने के लिए तैयार हैं। किसी भी कीमत पर स्कूल के अध्यापकों की बदलियों को सहन नहीं किया जाएगा। इस मौके पर स्कूल एसएमसी कमेटी के प्रधान सतपाल शर्मा, समाजसेवी संदीप राणा, दीपक राणा, विक्की पंच, दीपक पंच, सतपाल पंच, सरपंच प्रतिनिधि कुलदीप राणा, अमन राणा, विशाल राणा आदि मौजूद रहे।