संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। कलायत में जलनिकासी की समस्या के खिलाफ किसानों ने रविवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक क्षेत्र में करीब 100 एकड़ रकबे में जलभराव होने से फसलें खराब हो रही है। किसानोें ने जलनिकासी की समस्या का समाधान कराने की मांग उठाई।
किसान रुलदू राम, ओमबीर, पाला, वीजा और काका ने बताया कि जलनिकासी की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री पटल व कलायत एसडीएम को शिकायत दी गई है। इससे बावजूद उनकी समस्या का हल नहीं हो रहा। मुख्य रूप से दो स्थानों पर कुछ लोगों की ओर से पानी को अवरुद्ध करने से यह समस्या बनी है। किसानों का कहना है कि जलभराव ने उनकी खड़ी फसल को नष्ट करने की कगार पर पहुंचा दिया है। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिरकार अब इन हालातों में वे क्या करें।
इसके अलावा घरों में गंदा पानी घुसने के कारण बदतर स्थिति से तंग आकर गांव बालू, मटौर, चौशाला, खरक पांडवा, शेरखां खेड़ी, रामगढ़ पंडवा, बात्ता के ग्रामीण घर छोड़ कर दूसरी जगह जा रहे हैं। किसानों का कहना है कि उन्होंने पहले ही स्थिति से अधिकारियों को अवगत करवाया था। उन्होंने चेतावनी दी है कि समस्या का त्वरित ढंग से निवारण न होने पर वे एसडीएम कार्यालय में प्रदर्शन करने पर विवश होंगे। बीडीपीओ रोजी सिंह ने बताया तालाबों और अन्य स्थानों से पंपसेट के जरिये जलनिकासी की जा रही है। सभी गांवों के किसानों की समस्या का समाधान कराया जाएगा।