कैथल। सर्दी का असर बढ़ते ही शहर के बाजारों में इयरमाफ्स की मांग अचानक बढ़ गई है। दुकानों पर अलग-अलग डिजाइन, साइज और रेंज के इयरमाफ्स ग्राहकों, खासकर बच्चों का ध्यान खींच रहे हैं। कार्टून कैरेक्टर डिज़ाइन से लेकर एलईडी लाइट वाले और ब्रांडेड हैडलूम इयरमाफ्स हर तरह की वैरायटी बाजार में उपलब्ध है। बच्चों के लिए ये तोहफे हैं।
कार्टून कैरेक्टर डिज़ाइन वाले इयरमाफ्स की कीमत 150 से 250 रुपये है। ये रंग-बिरंगे और आकर्षक डिज़ाइन बच्चों में खासा लोकप्रिय है। वहीं एलईडी लाइट वाले इयरमाफ्स 300 से 450 रुपये तक उपलब्ध हैं। इनमें लगी लाइटें इन्हें फैशनेबल बनाती हैं, साथ ही रात में चलने के दौरान बेहतर विजिबिलिटी देकर सुरक्षा भी बढ़ाती हैं। उच्च गुणवत्ता चाहने वाले ग्राहकों के लिए 600 से 999 रुपये तक की रेंज में ब्रांडेड हैडलूम इयरमाफ्स भी बाजार में मिल रहे हैं। ये टिकाऊ, मुलायम और स्टाइलिश होने के कारण बड़े ग्राहकों की पहली पसंद बने हुए हैं।
दुकानदार सुरेश ने बताया कि इस बार इयरमाफ्स की मांग काफी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि हमारे पास अलग-अलग कीमतों और डिजाइन के इयरमाफ्स उपलब्ध हैं। बच्चों में कार्टून और एलईडी लाइट वाले इयरमाफ्स खूब बिक रहे हैं, जबकि बड़े ग्राहक ब्रांडेड हैडलूम इयरमाफ्स को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। उनका कहना है कि इयरमाफ्स अब एक उपयोगी और आकर्षक सर्दियों का आइटम बन गए हैं।