पाई। पाई अनाज मंडी के आढ़तियों ने सरकार से गेहूं पर लगने वाली आढ़त जल्द ही देने की मांग की है। मंडी के पूर्व प्रधान रणधीर फौजी ने बताया कि गेहूं का सीजन खत्म हुए लगभग एक महीना हो गया है। सरकार की ओर से किसानों की गेहूं की फसल आढ़तियों के माध्यम से खरीदी गई है, उस पर सरकार ने आढ़तियों को उनकी आढ़त देनी है।
उन्होंने कहा कि सरकार हर वर्ष आढ़तियों को आढ़त देने में काफी देरी करती है और न ही सरकार उस पर ब्याज देती है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि गेहूं की फसल पर लगने वाली आढ़त आढ़तियों को जल्द से जल्द दी जाए ताकि आढ़तियों को आगे किसानों को पैसे देने में कोई परेशानी न आए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार आढ़त देने में देरी करती है तो आढ़त पर ब्याज भी दिया जाए।