ढांड। युवा भाकियू प्रदेशाध्यक्ष विक्रम कसाना की अध्यक्षता में ढांड स्थित कार्यालय में भाकियू कार्यकर्ताओं की एक बैठक हुई। इसमें कैथल कृषि विभाग में सोशल मीडिया पर उजागर हुए रिश्वत मामले में संलिप्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की।
कसाना ने कहा कि कृषि विभाग कैथल में लाखों रुपये रिश्वत घोटाले में शामिल सभी आरोपियों पर जब तक कार्रवाई नहीं होती और उनके चेहरे बेनकाब नहीं होते तब तक भाकियू चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि घोटाले की सच्चाई जनता के सामने लाने व दोषियों को सलाखों के पीछे भेजने के लिए भाकियू किसानों को एकजुट होकर धरने, प्रदर्शन कर सरकार के नाम ज्ञापन भेजने का सिलसिला जारी रखेगी। उन्होंने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार ने इस मामले को ठंडे बस्ते में डालने या लीपा पोती करके इतिश्री करने का कार्य किया तो भाकियू चुप नहीं बैठेगी। संवाद