संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार बम धमाके के बाद जिले में हाई अलर्ट के तहत कैथल पुलिस सतर्क हो गई है। पुलिस ने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
एसपी उपासना के निर्देश पर जिले के हर प्रवेश और निकास मार्ग, इंटर-स्टेट व इंटर-जिला नाकों पर सघन व्हीकल चेकिंग की जा रही है। साथ ही स्निफर डॉग स्क्वाड की मदद से पार्किंग एरिया, होटल, धर्मशालाएं और सार्वजनिक स्थलों पर कॉम्बिंग सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
एसपी उपासना ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सभी थाना प्रबंधकों को अपने-अपने क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने, भीड़भाड़ वाले इलाकों में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध वाहनों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या लावारिस वस्तु की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या डायल 112 पर दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।
कैथल पुलिस की टीमों ने दिनभर शहर और बाहरी इलाकों में सुरक्षा जांच अभियान जारी रखा। होटल, गेस्ट हाउस, बाजार, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।