संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी दिल्ली रोहिणी सेक्टर-2 निवासी नरेश कुमार को साइबर थाना कैथल पुलिस ने एसएचओ पीएसआई शुभ्रांशु की अगुवाई में गिरफ्तार किया है।
पट्टी अफगान (कैथल) निवासी गौरव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 18 दिसंबर 2024 को उसके पास कॉल आई। युवती ने खुद को बैंक क्रेडिट कार्ड अधिकारी बताया और कहा कि उसके कार्ड की लिमिट बढ़ाई जाएगी। फिर खाते से 70,384 रुपये निकाल लिए गए।
साइबर थाना पुलिस ने यह केस दर्ज किया। अब तक इस गिरोह से जुड़े 11 आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। नरेश कुमार किसी अन्य मामले में तमिलनाडु जेल में बंद था। कैथल केस में गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट जारी करवाए गए। जांच में सामने आया कि नरेश इस साइबर गिरोह के लिए बैंक खाते हायर करता था और उन्हीं खातों के जरिए ठगी के पैसे निकलवाता था। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।