राजौंद। बीर बांगड़ा मार्ग पर बने गहरे गड्ढों और जलभराव के चलते राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस रास्ते पर राजौंद थाना भी स्थित है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों लोग आवाजाही करते हैं।
बारिश के पानी की निकासी न होने से सड़क पर कीचड़ और गंदा पानी जमा हो गया है, जिससे कई बार अनजान वाहन चालक हादसे का शिकार भी हो चुके हैं। व्यापारियों और आमजन का कहना है कि संबंधित विभाग समस्या की अनदेखी कर रहा है, जबकि स्थिति दिनोंदिन खराब होती जा रही है।
ग्रामीण रिंकू कुमार, शमशेर, कुलदीप, सुभाष, रमेश, श्याम भट्ट और राजू ने बताया कि वे रोजाना दुकानों पर आते हैं, लेकिन गड्ढों और गंदे पानी से रास्ता पार करना मुश्किल हो गया है। कई बार कपड़े तक खराब हो जाते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था की जाए और सड़क को ऊंचा कर मरम्मत की जाए, ताकि आवागमन सुरक्षित हो सके।