संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष दीप मलिक ने विधानसभा चुनाव के दौरान ही कांग्रेस का हाथ थामा था, परंतु प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं बन पाई। ऐसे में अपनी अध्यक्ष पद की कुर्सी बचाने में सफल नहीं हो पाए हैं। जबकि इससे पहले अध्यक्ष ने अपनी कुर्सी बचाने के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का सहारा भी लिया था परंतु वे इसमें भी असफल हुए थे।
गौरतलब है कि जिला पार्षदों ने विधानसभा चुनाव से पहले ही जजपा समर्थित जिला परिषद अध्यक्ष के खिलाफ अपनी वोटिंग कर दी थी लेकिन इसके परिणाम अब सामने आ सके हैं। दूसरी ओर अब अध्यक्ष की कुर्सी पर अब भाजपा की नजर है। फिलहाल भाजपा समर्थित उपाध्यक्ष कर्मबीर कौल ही जिला परिषद में कार्यवाहक अध्यक्ष का कार्यभार संभालेंगे। वहीं, अब जल्द ही जिला प्रशासन की ओर से अध्यक्ष पद के चुनाव की तिथि जारी की जानी है।
पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा की अगुवाई में हुए थे कांग्रेस में शामिल : विधानसभा चुनाव के दौरान गत 28 सितंबर को कलायत के जाखौली में आयोजित हुई कांग्रेस की रैली में जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष दीप मलिक पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा की अगुवाई में कांग्रेस में शामिल हो गए थे।