संवाद न्यूज एजेंसी
ढांड। नेशनल हाईवे 152 डी के पास करनाल-पटियाला राजमार्ग पर खेतों में पशुओं के लिए बनाए गए शेड में वीरवार को सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर युवक का शव लटका मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए साकरा गांव के एक व्यक्ति के खिलाफ नामजद व अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
ढुंडवा निवासी महाबीर ने ढांड थाना में शिकायत दी कि उसके भाई रविंद्र को गांव साकरा निवासी रणधीर लगभग 10 वर्ष से अपने खेतों में बंधक बनाकर रखे हुए था। आरोपी उससे खेतों में पशुओं की तरह काम लेता था। परिवार वाले बार-बार रणधीर से अपने भाई को लेने जाते थे, लेकिन आरोपी अन्य लोगों के साथ मिलकर उसको पहले ही छुपा देते थे। उनको रविंद्र से मिलने नहीं देता था व उससे मारपीट करता था। शराब के नशे में उससे जबरदस्ती काम करवाता था।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि चार अक्तूबर को रणधीर व इसके परिवार ने मिलकर रविंद्र (38) को फांसी पर लटका दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि सुबह जब उन्हें पता चला कि उसके भाई ने आत्महत्या कर ली है, लेकिन मौके पर पहुंचे तो देखा कि आत्महत्या जैसा कोई भी मामला नहीं था, बल्कि उसे मारकर लटकाया गया था।
शिकायतकर्ता ने बताया कि रविंद्र की अभी तक शादी नहीं हुई थी। ढांड थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक रविंद्र कुमार के भाई महाबीर की शिकायत पर साकरा निवासी रणधीर के खिलाफ धारा 302 व 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मृतक का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।