संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। संगरोली के लापता युवक का शव मंगलवार को खेड़ी मटरवा में खेतों में मिला है। उसके परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। शिकायत केे आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, उसका दोस्त साहिल फरार बताया जाता है।
गौरतलब है कि अभिषेक उर्फ़ बिल्ला अपने दोस्त साहिल के साथ ठंडा पीने का कह कर खेड़ी मटरवा में सिरसा ब्रांच नहर के पुल पर गया था, लेकिन अब उसका शव मिला है। मंगलवार को सुबह खेड़ी मटरवा में नहर के पुल के पास खेतों में शव मिलने से सनसनी फैल गई।
गत 22 सितंबर की रात को हुए खेड़ी मटरवा के पास हुए युवाओं के झगड़ा हुआ था। उसी रात से अभिषेक ग़ायब था। परिजन पिछले तीन दिनों से अभिषेक की तलाश में जुटे हुए थे। मृतक के परिजनों ने बताया कि 22 सितंबर की शाम को अभिषेक का दोस्त साहिल उसको नहर पर ठंडा पीने की कह कर अपने साथ मोटरसाइकिल पर ले गया था। देर रात को उसने बताया कि उनका किसी के साथ झगड़ा हुआ ओर दोनों को चोटें आई हैं।
उसने बताया कि अभिषेक डर कर कहीं छिप गया है। परिजन 22 सितंबर की रात से ही अभिषेक की अपने स्तर पर तलाश में जुटे हुए थे। 24 सितंबर की सुबह नहर के पुल के पास खेतों में एक शव देखा, जो कि फूला होने से पहचाना नहीं जा सका। उन्होंने इसकी सूचना खेड़ी मटरवा के सरपंच को दी। सरपंच जब शव को बहुत गौर से देखा गया तो पहचान अभिषेक के रूप में हुई।
घटना स्थल पर एसएचओ बलबीर सिंह, डीएसपी गुरुविंद्र सिंह व एसएफएल की टीम मौक़े पर पहुंची ओर घटनास्थल का मुआयना कर शव को क़ब्ज़े में ले कर पोस्टमार्टम के लिए कैथल भेज दिया। मृतक के पिता कृष्ण ने बताया कि उनके दो बेटे हैं। उनका बड़ा बेटा विदेश में जर्मनी में है। अभिषेक ने 12वीं पास कर ली थी। उसको भी विदेश भेजने की तैयारी चल रही थी। डीएसपी गुरविंदर सिंह ने बताया परिजन को आशंका है कि उनके बेटे अभिषेक की हत्या हुई है। अभिषेक का दोस्त साहिल फरार बताया जा रहा है।
परिजनों ने लापता होने की शिकायत दी हुई थी । जिस पर मामला दर्ज कर ली गई थी। लेकिन अब नए सिरे से जांच होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ पता चल पाएगा कि अभिषेक की मौत कैसे हुई। -गुरविंदर सिंह, गुरविंदर सिंह