कलायत। गांव खरक पांडवा में शुक्रवार को निर्माणाधीन एक्सप्रेस हाईवे के पास करीब 50 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ट्यूबवेल के नजदीक मृत अवस्था में पड़े अनजान व्यक्ति के संबंध में ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी दलबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए एक्सप्रेस हाईवे निर्माण एजेंसी और आसपास के ईंट भट्ठों पर संपर्क किया गया है। प्रथम दृष्टया वह प्रवासी मजदूर लगता है। ग्रामीणों से भी मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए सहयोग की अपील की गई है। फिलहाल मृतक का शव जिला अस्पताल के शव गृह में शिनाख्त के लिए रखा गया है।