कैथल। रबी खरीद सीजन के दौरान मंडियों से गैरहाजिर रहने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर अब सख्त कार्रवाई होगी। उपायुक्त अपराजिता ने मंगलवार को लघु सचिवालय में आयोजित बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी ड्यूटी से अनुपस्थित मिला तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर नियमित रूप से उपस्थित रहें, ताकि मंडियों में आए किसानों को किसी भी समस्या के समाधान के लिए भटकना न पड़े।
डीसी ने निर्देश दिए कि यदि किसी किसान को गेटपास, बायोमीट्रिक, बारदाना, खरीद, फसल उठान या भुगतान से जुड़ी कोई समस्या आती है तो उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को आदेश दिए गए कि वे हर रोज सायंकाल तक बायोमीट्रिक, गेटपास, खरीद, उठान और भुगतान की विस्तृत रिपोर्ट डीसी कार्यालय में प्रस्तुत करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गेट पास पर नहीं लगे जाम, व्यवस्था रहे सुचारु : डीसी ने स्पष्ट किया कि मंडियों में गेट पास के दौरान जाम जैसी स्थिति नहीं बननी चाहिए और पूरी खरीद प्रक्रिया नियमानुसार संचालित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में डीडीए डॉ. रविंद्र कुमार, डीआईपीआरओ नसीब सैनी, डीएमईओ अभिनव वालिया और एआईपीआरओ अमित कौशिक
मौजूद रहे। संवाद
किसी किसान को वापस न भेजें : डीसी
डीसी अपराजिता ने फसल के सत्यापन पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि मंडियों में फसल लेकर आए किसी भी किसान को वापस न भेजा जाए। उसकी एंट्री और वेरिफिकेशन तुरंत सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कृषि और राजस्व विभाग के अधिकारियों को डेटा मिलान का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए।
अब तक की खरीद स्थिति
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अनुसार, जिले में अब तक 4,659 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई है, जिसमें से 4,500 मीट्रिक टन की खरीद की जा चुकी है। वहीं 3,877 क्विंटल सरसों की आवक दर्ज की गई, जिसकी पूरी खरीद हो चुकी है।
किसानों से अपील
डीसी ने किसानों से अपील की कि वे अपनी फसल को अच्छी तरह सुखाकर ही मंडी में लेकर आएं, ताकि खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए।