संवाद न्यूज एजेंसी
क्योड़क। भारत विकास परिषद, शाखा क्योड़क ने स्वतंत्रता सेनानी चंदू राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं के सामूहिक जन्मदिन एवं उनकी उपलब्धियों के सम्मान में बेटी जन्मोत्सव का आयोजन किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य अगस्त-सितंबर माह में जन्म लेने वाली 68 छात्राओं और दो शिक्षकों के जन्मदिन को सामूहिक रूप से मनाकर उन्हें आत्मसम्मान, सामाजिक गौरव और सांस्कृतिक चेतना से जोड़ना था। सभी को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया और विद्यालय स्टाफ व छात्राओं को मुंह मीठा कराया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी महेंद्र सैनी राम रहे। परिषद के अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने कहा कि जब विश्व लैंगिक समानता की ओर ध्यान दे रहा है, तब हमारे गांव में बेटियों के जन्मदिन को सामूहिक रूप से मनाना एक क्रांतिकारी और संस्कारशील पहल है। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षित और आत्मविश्वासी बनाना समाज की जिम्मेदारी है।
मुख्य अतिथि महेंद्र सैनी ने कहा कि बेटियां केवल घर की नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र की असली धरोहर हैं। जब हम बेटियों को सम्मान, अवसर और प्रोत्साहन देते हैं, तो हम सशक्त और संस्कारित समाज की नींव रखते हैं।इस अवसर पर संरक्षक रामचंद्र, अध्यक्ष सुरेश शर्मा (रिटायर्ड लेक्चरार), सरपंच जसबीर सिंह तंवर, ब्लॉक समिति मेंबर संदीप और पूर्व ब्लॉक समिति मेंबर ईश्वर सिंह आदि मौजूद रहे।