कैथल। हरियाणा में नए सत्र 2024-25 के लिए सरकारी व प्राइवेट स्कूलों में 9वीं व 11वीं कक्षा में प्रवेश के लिए तिथि बढ़ाई गई है। सेकेंडरी शिक्षा निदेशक ने पत्र जारी करते हुए कक्षा 9वीं व 11वीं में दाखिले के लिए करीब 25 दिन का अतिरिक्त समय दिया है ताकि दाखिले से वंचित रहे स्टूडेंट्स भी नियमित पढ़ाई जारी रख पाएं। 9वीं व 11वीं कक्षा में दाखिले के लिए सेकेंडरी शिक्षा निदेशक ने अब अंतिम तिथि 31 अगस्त कर दी है।
इसके लिए प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेजा गया है। ये आदेश सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल पर लागू होंगे। सेकेंडरी शिक्षा निदेशक के यह आदेश राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों पर लागू नहीं होगा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार प्रिंसिपल दाखिला करेंगे।पत्र में जिला शिक्षा अधिकारी को लिखा कि वे अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले प्राइवेट व सरकारी स्कूलों को भी इसके लिए निर्देश जारी करें। ताकि कोई स्टूडेंट दाखिला लेना चाहता है तो वह ले सकता है। उसका दाखिला 31 अगस्त तक मान्य होगा। संवाद
शिक्षा निदेशक की तरफ से पत्र प्राप्त हुआ है जिसमें नौवीं और 11वीं कक्षा में दाखिले के लिए अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त कर दी है। इस संबंध में सभी बीईओ को निर्देश जारी कर दिए हैं। -डॉ. विजय लक्ष्मी, जिला शिक्षा अधिकारी, कैथल