संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। महाराजा अग्रसेन पार्क में शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। वजह है कि यहां लगी लाइटें खराब हैं। यहां पर असुविधाओं के संदर्भ में नगर के वरिष्ठ नागरिकों ने एसडीएम से शिकायत की।
गौरतलब है कि एसडीएम सत्यवान मान गीता जयंती उत्सव की तैयारियों के लिए कपिल मुनि मंदिर पहुंचे थे। मंदिर परिसर में उन्होंने लोगों से समस्याओं व गीता जयंती उत्सव की तैयारियों पर संवाद भी किया।
पूर्व नपा अध्यक्ष ज्ञानी राम कश्यप व नानक सिंह राणा ने एसडीएम से शिकायत की कि बड़ी संख्या में बुजुर्ग सुबह-शाम महाराजा अग्रसेन पार्क में घूमने के लिए जाते हैं।
बुजुर्गों का कहना है कि आज तक दिन बहुत छोटे हो गए और छह बजे तो अंधेरा छा जाता है। पार्क में कोई भी लाइट न होने के कारण से वहां अंधेरा रहता है।
सुबह सायं घूमने जाने वाले लोगों को अंधेरे के कारण से भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञानी राम ने कहा कि इस बारे में उन्होंने नगरपालिका में भी शिकायत कर पार्क में बिजली व्यवस्था बहाल करवाने की मांग की थी पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
नानक सिंह राणा ने कहा कि संभाल न होने के कारण से पार्क के मुख्य द्वार से लेकर पार्क के अंतिम कोने तक असुविधाओंं का बसेरा है। पार्क में पेयजल, रोशनी, बैंच, साफ-सुथरे ट्रैक और शौचालय की कोई व्यवस्था नहीं है। सैरगाह की तलाश मेंं पार्क मेंं आने वाली महिलाओंं, बड़े-बुजुर्गों और बच्चों को समस्याओंं से जूझना पड़ रहा है।
महाराजा अग्रसेन सेवा समिति के अध्यक्ष नंबरदार संजय सिंगला ने कहा कि वास्तव मेंं पार्क परिसर मेंं सुधार कार्यों की सख्त जरूरत है। लोगों की शिकायतों को सुनने के बाद एसडीएम ने नगरपालिका सचिव को तत्काल ही पार्क में बिजली की बहाली के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि पार्क में रोशनी का होना अति आवश्यक है।
बिना किसी देरी के पार्क की लाइटों को शुरू करवाया जाए। नगरपालिका सचिव पवन शर्मा ने कहा कि स्ट्रीट लाइट देखने वाली पालिका की विंग को आदेश दे दिए गए हैं कि कमियों को दूर कर पार्क की लाइटों को शुरू किया जाए।