मंगलवार को तहसील कार्यालय पूंडरी में सुबह से बिजली कट लगने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। लंबे समय तक बिजली गुल रहने से गुस्साए लोगों ने तहसील कार्यालय के मुख्य गेट को बंद करके कैथल-करनाल रोड पर जाम लगा दिया। नायब तहसीलदार ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
पूंडरी निवासी नागरिकों अक्षय कुमार, प्रमोद कुमार, रामफल, परविंद्र, संतोष देवी, वर्षा रानी ने बताया कि वे तहसील में अपने कार्यों के लिए सुबह से बैठे हैं। लेकिन यहां बिजली न होने के कारण उनके कार्य नहीं हो पाए। इस दौरान उन्हें इधरउधर भटकना पड़ा। इसके बाद गुस्साए लोगों ने तहसील कार्यालय के मुख्य गेट के सामने कैथल-करनाल रोड पर जाम लगाया। सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। लोगों का कहना है कि वे सुबह से तहसील में बैठे हुए हैं और तहसील में कार्यरत कर्मचारी उनकी सुनवाई नहीं कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि तहसील में जनरेटर तो रखा हुआ है लेकिन उसको स्टार्ट नहीं किया गया। हालांकि जाम लगभग 15 मिनट ही रहा। लोगों का कहना है कि यहां अक्सर बिजली की समस्या रहती है।
तहसील में रखे जनरेटर में कोई तकनीकी समस्या आई है। जिस कारण से लोगों को परेशानी हुई। इसके लिए विभाग के उच्चाधिकारियों को सूचित किया गया है। लोगों को किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी।
जोगेंद्र धनखड़, नायब तहसीलदार