डीसी सुजान सिंह ने कहा कि मुख्य मार्गों पर जो भी अवैध कट हैं, वे तुरंत बंद किया जाएं। सड़क सुरक्षा विषय को लेकर जितने भी दुर्घटना संभावित केंद्र बिंदू हैं, उन्हें चिह्नित करके सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएं। सभी व्यक्तियों को यातायात के नियमों का पालन करना चाहिए, जो कि मानव जीवन से जुड़ा हुआ विषय है। जो व्यक्ति नियमों की अवहेलना करता है, उनके चालान किए जाएं।
डीसी सुजान सिंह लघु सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हाल में अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें जरूरी दिशा निर्देश दे रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से सड़क सुरक्षा, फसल खरीद तथा आय सत्यापन विषय पर सभी जिलों के डीसी से फीडबैक ली और आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए। बता दें कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल अब प्रत्येक वीरवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से विभिन्न विषयों पर समीक्षा बैठक लिया करेंगे।
डीसी सुजान सिंह ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में सरकारी के साथ-साथ जितनी भी निजी एंबुलेंस हैं, उनका डाटा तैयार करें, ताकि जरूरत पड़ने पर उनका इस्तेमाल किया जा सके। डीसी ने कहा कि फसल खरीद का कार्य समुचित ढंग से चले, इसके लिए सभी अधिकारी अपने-अपने स्तर पर पूरी तैयारी रखें। सरकार द्वारा किसानों, सचिवों, गेट कीपर, ऑक्सन रिकॉर्डर, आढ़ती, ट्रांसपोर्टर के साथ-साथ जो भी संबंधित व्यक्ति फसल खरीद के कार्य में शामिल होगा, उनके कार्यों के मार्गदर्शन के लिए विशेष पंफलेट्स दिए जाएंगे, ताकि सभी को विस्तृत रूप से अपने कार्य का ज्ञान हो और सभी कार्य समबद्घ हो सके। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह, एसडीएम संजय कुमार, विरेंद्र ढुल, सीटीएम अमित कुमार, आरटीए सत्यवान सिंह मान, डीआरओ श्याम लाल, सीएमओ डॉ. ओम प्रकाश आदि मौजूद रहे।
अंत्योदय के लिए 16762 परिवारों की सूची आई
मुख्यमंत्री अंत्योदय उत्थान अभियान चलाया जाएगा, जिसमें प्रथम चरण में प्रदेश भर के 1 लाख गरीब परिवारों की पहचान करके उनकी शिक्षा, कौशल, विकास, रोजगार और स्वरोजगार के माध्यम से आय में बढ़ोतरी की जाएगी। जिले में 16 हजार 762 परिवारों की सूची आई है, जिनमें से 667 परिवारों की आय सत्यापन की जा चुकी है। बाकी बचे परिवारों की भी आय सत्यापन करके अपलोड करें, ताकि सभी व्यक्ति इसका सीधा लाभ उठा सके।