करीब 6 माह पूर्व कलायत निवासी राजबीर उर्फ बिट्टू की बिन्नी गैंग द्वारा हत्या करने के मामले में मृतक की पत्नी ने असंतोष जाहिर किया है। उन्होंने इस मामले में कुछ पुलिस कर्मियों पर बिन्नी गैंग की सांठगांठ होने का आरोप लगाया है। मृतक की पत्नी सुमन ने बताया कि गत वर्ष 20 जुलाई को बिन्नी गैंग द्वारा उनके पति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसके कुछ दिनों बाद बीर बांगड़ा में एक अन्य व्यक्ति की भी गोली मारकर हत्या की गई थी। उन्होंने बताया कि उपरोक्त घटनाओं के बाद कलायत में गोली चलने और फिरौती की घटनाएं दिन प्रतिदिन बढ़ने लगीं। उनके पति की हत्या में शामिल आरोपियों को बचाने में कुछ पुलिस कर्मचारियों द्वारा पूरा सहयोग किया जा रहा है। पूरे सबूतों के साथ वे लिखित शिकायत पहले भी पुलिस विभाग को दे चुकी हैं, लेकिन अभी तक उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। अब माननीय पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश से निष्पक्ष जांच के साथ-साथ आरोपी बिन्नी व गैंग में शामिल लोगों को फांसी दिए जाने की मांग की है।
थाना प्रभारी जयवीर ने बताया कि पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए लगभग एक दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि उन्हें किसी से भी डरने की कोई जरूरत नहीं है। अगर कोई संदिग्ध व्यक्ति आसपास दिखाई देता है तो उसकी शिकायत तुरंत पुलिस थाना में दें।