अंबाला रोड पर करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से बने जिला स्तरीय इंडोर खेल स्टेडियम में बदहाली चर्म सीमा पर है। यहां पहुंचे खिलाड़ियों मोनू, विकास, ललित, राहुल, अंकित, विराट व शौरभ ने बताया कि यहां लगी करीब 15 बड़ी लाइटें खराब हैं। दरवाजों के शीशे टूटे हुए हैं और जाली लगाई हुई है। वाटर कूलर भी खराब ही रहता है और उसमें लगा आरओ सिस्टम भी खराब है। स्टेडियम में फायर सिस्टम भी रेड जोन में है। स्टेडियम के अंदर के हिस्से में लगाए लकड़ी के फर्श पर दीमक लगी है। यहां जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताएं होती हैं। ऐसे में अगर कोई आगजनी की घटना होती है तो बड़ा नुकसान हो सकता है। उन्हाेंने कहा कि वे बॉक्सिंग के लिए अभ्यास के लिए स्टेडियम में आते हैं। लेकिन यहां काफी अव्यवस्थाएं। जिस कारण से ठीक से अभ्यास नहीं हो पाता। उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
स्टेडियम में बॉक्सिंग, कुश्ती, जूडो, तलवारबाजी, ऑर्चरी, हैंडबॉल, वूशु, बास्केटबाल इत्यादि खेलकूद प्रतियोगिताएं होती हैं। इन खेलों के लिए शहर व आसपास के गांवों से सैकड़ों खिलाड़ी अभ्यास करते हैं। दो साल पहले हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण विभाग ने स्टेडियम को खेल विभाग को सौंप दिया था। लेकिन इसके बाद स्टेडियम की ठीक से देखभाल न होने के कारण बदहाल हो रहा है। खिलाड़ियों के अनुसार यहां विभिन्न खेलों के करीब 500 खिलाड़ी सुबह-शाम अभ्यास करते हैं। स्टेडियम में ही खेल विभाग का कार्यालय भी चल रहा है। जहां खेल अधिकारी सहित कई कर्मचारी बैठते हैं। जिम्मेदारों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।
जिला खेल अधिकारी सतविंद्र गिल ने बताया कि स्टेडियम में कमियों को लेकर उनके पास लिखित में शिकायत भी आई है। इन समस्याओं के समाधान के लिए विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है। स्टेडियम से संबंधित जो भी समस्याएं हैं, उनका जल्द समाधान करवाया जाएगा।