कैथल। गांव खानपुर में एक दुखद घटनाक्रम के तहत पिता की कैंसर से मौत के बाद 24 साल की बीएससी अंतिम वर्ष की छात्रा ने जहरीला पदार्थ निगलकर मौत को गले लगा लिया। मृतक छात्रा की मां की भी एक साल पहले बीमारी के कारण मौत हो चुकी है। परिवार में बलकार सिंह का एक बेटा बचा है। पूरे घटनाक्रम से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है।
घटनाक्रम के अनुसार गांव खानपुर निवासी बलकार कैंसर की बीमारी से पीड़ित था। वह करीब 48 वर्ष का था। जो चंदाना रोड पर हलवाई की दुकान चलाता था। कुछ वर्ष पूर्व उन्होंने दुकान के निकट ही घर बना लिया था। परिवार सहित वहीं रहता था। साल भर पहले उसकी पत्नी की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। उसे भी कैंसर की बीमारी थी और पीजीआई चंडीगढ़ में 25 फरवरी को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इस बात की जानकारी आईजी कॉलेज में पढ़ रही उसकी 24 साल की बीएससी की छात्रा बेटी काजल को मिली। उसने पिता की मौत का दुख न सहते हुए खुद भी जहरीला पदार्थ निगल लिया। यहां निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। यह जानकारी देते हुए चचेरे भाई रिंकू ने बताया कि पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई कर छात्रा का शव परिजनों को सौंप दिया है।