कैथल। जिले को इसी साल शिक्षा विभाग की ओर से पहला ऑडिटोरियम मिलने जा रहा है। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाखौली अड्डा में बनने वाले इस ऑडिटोरियम के लिए ड्राइंग तैयार हो चुकी है। करीब 200 मीटर लंबा व 150 मीटर चौड़े इस ऑडिटोरियम में एक साथ 500 की संख्या में लोग बैठ सकेंगे। इसमेें एक ही छत के नीचे संस्कृति के अलग रंग बिरखेंगे। अभी तक कई तरह के सरकारी कार्य भी आरकेएसडी कॉलेज के हाल में होते हैं। इस ऑडिटोरियम के बन जाने के बाद सरकारी ऑडिटोरियम में ये कार्यक्रम हो सकेंगे।
शहर के जींद रोड स्थित जाखौली अड्डा स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में इसी साल में ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य पूरा होगा। इसके लिए दो माह पहले बजट भी जारी हो चुका है। विभाग के अनुसार ये ऑडिटोरियम कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की तर्ज पर बनाया जाएगा। जिसमें सैकड़ों की संख्या में कलाकार व दर्शक आनंद उठाएंगे। शिक्षा विभाग में इससे पहले ऐसा ऑडिटोरियम कुरुक्षेत्र, पानीपत, फरीदाबाद और गुरुग्राम में स्थित है। इसके निर्माण कार्य के तहत जल्द ही टेंडर लगाए जाएंगे। फिलहाल समग्र शिक्षा अभियान के कार्यालय की ओर से इसकी ड्राइंग शिक्षा विभाग के निदेशालय में भेजी गई है। जिसे अप्रूवल मिलने के बाद तुरंत टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
1.20 करोड़ रुपये की लागत से होगा निर्माण
ऑडिटोरयम में करीब 1.20 करोड़ रुपये की लागत आएगी। निर्माण के लिए राशि पहले ही जिला परियोजना संयोजक समग्र शिक्षा अभियान के पास आ चुकी है। ऑडिटोरियम में होने वाले कार्यक्रमों के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसलिए मुख्य गेट जींद रोड पर होगा। ऑडिटोरियम में स्कूल परिसर की तरफ ऊंची दीवार बनाई जाएगी। वहीं, ऑडिटोरियम के बाहर पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि वाहनों को सड़क पर पार्क न करना पड़ा।
आकर्षक डिजाईन को दी गई है प्राथमिकता
ऑडिटोरियम की बनावट अंग्रेजी के अक्षर यू की तरह से प्लानिंग की गई है। हॉल के सामने बड़ा मंच व पीछे खाली जगह के साथ ही दोनों तरफ कलाकारों के लिए अलग-अलग ड्रेस बदलने का कक्ष बनाया जाएगा। वहीं मुख्यातिथियों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था के लिए रसोई घर की भी व्यवस्था की जाएगी।
एक ही जगह ड्रेस बदलने में होती थी परेशानी
सांस्कृतिक कार्यक्रमों मेें भाग लेने वाले स्कूली छात्र अंकुर ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभा दिखा चुके हैं। कई जगहों पर स्टेज के पास ड्रेस कक्ष न होने से कलाकारों को काफी परेशानी होती है। इस हाल में ड्रेस बदलने के लिए कक्ष की व्यवस्था होने काफी सुविधा होगी।
कलाकार प्रवीण ने कहा कि दर्शक ही कलाकार का हौसला बढ़ाने में अहम रोल निभाते हैं। जितने ज्यादा दर्शन होंगे कलाकार का भी उतना ही मन लगता है।
मौके पर पहुंचे विभाग के जेई सजल ने बताया कि ऑडिटोरियम हॉल को लेकर किस जगह कितना सरिया व अन्य मैटीरियल लगेगा संबंधित जांच की जा रही है। यह मार्च माह तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद जल्द निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा।
समग्र शिक्षा अभियान के जिला परियोजना संयोजक प्रेम सिंह पुनिया ने बताया कि ऑडिटोरियम के निर्माण को लेकर ग्रांट आ चुकी है। अब केवल कागजी कार्रवाई की जा रही है। ड्राइंग निदेशालय में जा चुकी है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।