संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जींद रोड पर अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने साइकिल सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। शिकायत पर पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव साठाजगत जिला बेगुसराय बिहार निवासी राहुल कुमार ने शहर थाना में शिकायत दी कि वह कैथल में भगत सिंह चौंक पर एक खल की दुकान में काम करता है। 18 जुलाई को वह अपने साथ काम करने वाले लडक़े गांव बरगधा मजरे कठगर यूपी निवासी मोहन लाल को साथ लेकर उनकी खल की दूसरी दुकान पर अपने साइकिल पर जा रहा था। जब वे जींद रोड पर पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंचे तो तितरम की तरफ से आ रहे एक मोटरसाइकिल चालक ने तेजगति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी साइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे में वे दोनों घायल हो गए। इस दौरान मोहन लाल के सिर में काफी चोट आई। आसपास के लोगों ने उन्हें इलाज के लिए पहले सरकारी अस्पताल कैथल पहुंचाया, जहां ज्यादा चोटें होने के कारण डॉक्टर ने उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान मोहन लाल की मौत हो गई। मामले के संबंध में जांच अधिकारी जयपाल ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।