संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। प्रदेश सरकार द्वारा पर्यावरण को हरा-भरा बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियानों के बीच जुलानी खेड़ा गांव में सुदकैन माइनर पर चोरी से वन विभाग के दो हरे-भरे वृक्ष काटने मामला सामने आया है। वन खंड अधिकारी सज्जन कुमार को जैसे ही आम के दो वृक्षों को काटने की सूचना मिली तो वह हरकत में आ गए। मौके पर ही कर्मी पहुंचे और पूछताछ कर जानकारी ली। इस दौरान माइनर की पटरी पर दो पेड़ कटे मिले। उनकी हरी पत्तियां भी बिखरी पड़ी थीं।
हरे पेड़ कटने की जानकारी मिलने के बाद मौका मुआयना करने वाले अधिकारियों ने बताया कि वे समीक्षा कर रहे हैं कि जिन हरे भरे फलदार वृक्षों को काटा गया वे कितने वर्ष पुराने हैं। इसके साथ ही विभाग को इससे कितनी क्षति हुई, इसका भी आकलन किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह जब माइनर पर वृक्षों की कटाई का कार्य व्यापक स्तर पर शुरू हुआ तो यहां से गुजरने वालों को गुमान हुआ कि कटाई की प्रक्रिया वन विभाग कर रहा है लेकिन जब मौके पर पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों ने कटाई करने वालों को निजी क्षेत्र के लोग बताया। प्रदेश सरकार पर्यावरण मामले को लेकर संजीदा है।
कलायत के वन खंड अधिकारी सज्जन कुमार ने बताया कि जुलानी खेड़ा गांव में सुदकैन माइनर पर आम के वृक्षों की कटाई का मामला संज्ञान में आया है। इस पर तत्काल प्रभाव से काटे गए वृक्षों को कब्जे में लेते हुए कुछ लोगोंं को नामजद किया जा रहा है। समीक्षा के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।