पूंडरी पुलिस को बुधवार को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी जब उसने शाम करीब चार बजे अलग-अलग जगह नाकेबंदी कर 6 स्मगलरों को 30 ग्राम स्मैक के साथ दबोच लिया। ये 6 स्मगलर मोटरसाइकिलों पर पूंडरी में बेचने के लिए बाहर से स्मैक लाए थे और मुखबिरी पर नाकेबंदी के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने इनकों वाहनों सहित गिरफ्तार कर इनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस कप्तान सुमेर प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस को पूंडरी में नशाखोरी और नशा बिकने की लगातार शिकायतें मिल रही थी, इसलिए उन्होंने पुलिस को नशाखोरी पर सख्ती से लगाम लगाने के निर्देश दिए थे। उन्होंने बताया कि मुखबिरों से पुलिस को सूचना मिली थी कि नशे का कारोबार करने वाले कुछ युवा पूंडरी में दाखिल होने वाले हैं, जिसके आधार पर उन्होंने चौकी प्रभारी ओमप्रकाश के नेतृत्व में 3 टीमों का गठन किया।
चौकी प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि जैसे ही उन्हें सूचना मिली की नशे का कारोबार करने वाले पूंडरी में नशे की एक बड़ी खेप पहुंचाना चाहते हैं तो उन्होंने पुलिस चौकी पूंडरी के एएसआई सुमेरचंद, एएसआई सुरेश, एएसआई जसबीर, एचसी शुभकरण, एचसी बलवान, ईएएसआई रामचंद्र, शीशपाल, कश्मीर सिंह, कृष्ण चंद व मनोज कुमार को साथ लेकर तीन टीमें गठित की। तीनों टीमों को कस्बे के अलग-अलग चौकों पर तैनात किया गया। पुलिस टीमें जब अपने-अपने प्वाइंट पर तैनात थी तो फरल चौक पूंडरी से दो युवा एक मोटरसाइकिल एच.आर.31 एल-7836 पर सवार होकर आते दिखे। पुलिस को देखकर वे घबरा गए तो पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने उन्हें तुरंत दबोच लिया।
इसी प्रकार टी प्वाइंट पिलनी रोड़ से व खेड़ी सिकंदर टी प्वाइंट से भी दो-दो युवाओं को पुलिस ने दबोचा। पुलिस उन्हें चौकी में लेकर आई और उनसे सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उन्होंने कबूल किया कि वे पूंडरी में महंगे दामों में स्मैक बेचने का काम करते थे। पुलिस ने मोहन निवासी जींद, प्रवीण पूंडरी, दीपक पुत्र ईश्वर पूंडरी, महेंद्र पूंडरी, दीपक पुत्र रोशन पूंडरी व कालू उर्फ बलबीर पूंडरी को गिरफ्तार को उनकी मोटरसाइकिलों को भी कब्जे में ले लिया है। चौंकी प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और हो सकता है कि जांच में कुछ और भी पहलु सामने आए।
व्यापार मंडल समय-समय पर करता रहा है मांग
बता दें कि व्यापार मंडल विकास समिति समय-समय पर पूंडरी में बढ़ते हुए नशे और नशे के कारण बढ़ रहे अपराधों के बारे में पुलिस से सख्ती करने की मांग करता रहा है। व्यापार मंडल विकास समिति के प्रधान योगेश उप्पल, व्यापार मंडल फतेहपुर-पूंडरी के प्रधान रामरूप प्रजापति व हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रधान हरीश लाल ने कहा कि पुलिस को इस तरह की कार्रवाई के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे इस समस्या को कई बार पुलिस कप्तान व आलाधिकारियों के संज्ञान में ला चुके हैं।