फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुठभेड़ में पकड़ा गया इनामी शूटर

Mon, 04 Jul 2016 11:23 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, कैथल
विज्ञापन
शूटर - फोटो : ब्यूरो
विज्ञापन
कैथल। सीआईए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए जींद के 25 हजार रुपये के इनामी शूटर को गांव आंधली में मुठभेड़ में धर दबोचा। वहीं उसका एक साथी भागने में कामयाब रहा। जींद में वीरेंद्र मांडी गैंग के शूटर अशोक ऊर्फ शौकी के कब्जे से पुलिस ने 3 रिवॉल्वर सहित 49 कारतूस बरामद किए हैं। वह यहां बड़ी वारदात को अंजाम देने आया था।
विज्ञापन


पुलिस उसके बताए ठिकानों पर ताबड़-तोड़ छापे मार रही है। शूटर को 5 दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। उस पर कैथल सहित प्रदेश के आधा दर्जन जिलों में हत्या, हत्या का प्रयास सहित 20 गंभीर अपराधों के आरोप में मामले दर्ज हैं।
मिली जानकारी के अनुसार सीआईए-2 की टीम द्वारा रविवार रात्रि गांव आंधली के पास नाका लगाकर जांच की जा रही थी। इसी बीच बिना नंबर की कार में सवार दो युवकों को रुकवाकर पूछताछ की गई तो दोनों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
विज्ञापन


दो राउंड फायरिंग के बाद दोनों युवकों ने भागने का प्रयास किया तो पुलिसकर्मियों ने एक को दबोच लिया। वहीं एक युवक भागने में कामयाब रहा। गिरफ्तारी के बाद युवक से की गई पूछताछ में जब पुलिस को पता चला कि पकड़ा गया युवक अशोक उर्फ शौकी शूटर है तो पुलिस कर्मियों को अपने हाथ लगी बड़ी सफलता का एहसास हुआ। बाद में पूछताछ में इस शूटर ने कई बड़े खुलासे किए।

जींद पुलिस ने घोषित किया है इनाम
जींद में मुठभेड़ में मारे जा चुके वीरेंद्र मांडी गैंग के माध्यम से अपराध जगत में कदम रखने के बाद अशोक ने अपना गैंग खड़ा कर लिया था। केवल 4-5 सालों में ही उसने अपराध जगत में खूब नाम कमाया। उसे जींद के काकड़ौद निवासी विरेंद्र वासी की कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी 2011 में की गई हत्या के मामले में अदालत द्वारा वर्ष 2015 में 20 वर्ष कारावास की सजा दी गई।

इसी सजा में वह हिसार जेल में बंद था। 24 अप्रैल को पैरोल मिलने के बाद वह फरार हो गया। इसके बाद उसने शराब के ठेकेदार गांव साहनपुर के सरपंच नरेंद्र राठी की जून माह में हत्या कर दी। इसके साथ ही शौकी की अप्रैल माह में बंटी वासी सफीदों पर कातिलाना हमला करने में पुलिस को तलाश थी। उस पर कुरुक्षेत्र, जींद सहित कई जिलों में हत्या, डकैती, लूटपाट, हत्या का प्रयास करने सहित गंभीर अपराधों के करीब 18 से 20 मामले दर्ज हैं।

कार रुकवाते ही कर दी फायरिंग
 सीआईए-2 प्रभारी सब इंस्पेक्टर रामकिशन की अगुवाई में एएसआई जितेंद्र कुमार, रणजीत सिंह, नत्थु राम, अनुप सिंह, राजेंद्र सिंह, सिपाही प्रदीप सिंह व बुटा सिंह ने गांव पिसौल की तरफ से आई एक एलैंटरा एसएक्स गाड़ी को रुकवाया। गाड़ी से उतरते ही एक युवक ने पिस्तौल से पुलिस टीम पर फायर झोंक दिए, जिसमें पुलिस टीम बाल-बाल बच गई।

बाद में पुलिस ने एक युवक को काबू कर लिया गया, इसी बीच दूसरा युवक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। उसकी पहचान राजेश कुमार वासी सिंगवाल जिला जींद के रूप में हुई है।

भारी मात्रा में बरामद हुए असलहे और कारतूस
आरोपी शौकी के हाथ से 32 बोर का अवैध पिस्तौल तथा मौके से 2 चले हुए खाली रांउड बरामद कर लिए गए। गाड़ी की तलाशी लेने पर चालक के बराबर वाली सीट के नीचे से एक अन्य 315 बोर का देशी कट्टा, पिछली सीट के नीचे से 12 बोर की डबल बैरल लोडेड डोगा गन तथा सीट पर रखे बैग से 20 राउंड 32 बोर, 8 राउंड 315 बोर व 21 राउंड 12 बोर जिंदा कारतूस बरामद हुए।

गाड़ी के अंदर से गाड़ी की असल आरसी के अतिरिक्त 2 असल नंबर प्लेट बरामद हुई तथा गाड़ी पर लगी नंबर प्लेट भी जाली पाई गई।

पांच दिन के रिमांड पर
पुलिस ने अशोक ऊर्फ शौकी के खिलाफ पुलिस पर फायरिंग करने के आरोप में एक और मामला दर्ज कर लिया है। उसे पूछताछ के लिए 5 दिन के रिमांड पर लिया गया है। उससे मिल रही जानकारी के आधार पर पुलिस द्वारा ताबड़तोड़ छापेमार कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें