गांव करोड़ा में अज्ञात लोगों ने हत्या कर एक युवक के शव को बिटोड़े में डालकर जला दिया। गांव के लोगों ने सूचना मिलने पर आग बुझाते हुए शव देखकर पुलिस को सूचित किया। वहीं गांव से लापता हुए आईटीआई के छात्र के कपड़ों के टुकड़े मिलने पर आशंका जताई जा रही है कि शव उसी लापता छात्र का है। पुलिस ने विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर हत्या के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस लापता हुए युवक के मोबाइल नंबर, कपड़ों आदि को लेकर सभी बातों को ध्यान में रखकर छानबीन में जुटी है। वहीं गांव में शव मिलने से लोगों में सनसनी फैल गई।
घटना सोमवार रात 10 से 12 बजे के बीच की है। गांव के सरपंच भल्ले राम व अन्य कुछ ग्रामीणों को रात में गांव से बाहर एक गोबर के उपलों के बिटोड़े में आग लगने की सूचना मिली। जिस पर गांव के कुछ लोग बाल्टियां लेकर घटनास्थल पर गए और पानी से आग को बुझा दिया। आग बुझाने के बाद देखा कि उसके अंदर एक शव भी है। ऐसा देखकर सबके होश उड़ गए। रात को ही इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। डीएसपी सतीश गौतम, पूंडरी थाना प्रभारी सतीश कुमार भारी पुलिस व सीआईए टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
इसी बीच पुलिस को पता चला कि गांव का ही आईटीआई का छात्र विकास पुत्र रामफल (23) लापता है। शव बुरी तरह जलने के कारण उसके परिवार वालों ने इंकार करते हुए कहा कि वह विकास नहीं है। उसके बाद शव के नीचे से कपड़ों के कुछ टुकड़े मिले तो परिवार वालों ने पहचान करते हुए कहा कि यह शव विकास का हो सकता है। लेकिन पक्के तौर पर नहीं कहा जा सकता।
29 जनवरी को होना है विकास का विवाह
गांव से लापता हुए युवक के पिता रामफल ने बताया कि उसकी शादी 29-30 जनवरी को बालु गांव में होनी है। अब तक यह पता नहीं चला कि इस बिटोड़े में आग मृतक ने खुद अंदर जाकर लगाई या फिर किसी अन्य ने लगाई।
सोमवार से लापता है विकास
करोड़ा गांव के अनिल कुमार ने बताया कि उसके ताऊ रामफल का लड़का विकास सोमवार से लापता है। मृतक के बारे में अभी कुछ नहीं कह सकते। वे सही प्रकार से पहचान नहीं कर पाये। कमीज के कपड़े का टुकड़ा ही मिला जिसपर विश्वास नहीं किया जा सकता कि शव विकास का है। उन्होंने बताया कि विकास की शादी बालु गांव में दो साल पहले से तय की हुई थी, परंतु बहन के रिश्ता करने के लिये इंतजार था। अब बहन का रिश्ता भी अलेवा गांव में किया गया है। दोनों की अब 29 व 30 जनवरी को शादी होनी है। विकास रिश्ते से काफी खुश था। उसने बताया कि रात आठ बजे यह खाना खाकर घर से बाहर निकला था। उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया और फोनकर्ता ने उसे पार्टी देने की बात कही थी। अनिल ने बताया कि वह नंबर पुलिस को दे दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल के पास एक कमरा है और उसके पास मोटरसाइकिल तथा पैरों के ऐसे निशान मिले हैं कि शायद किसी के साथ मृतक ने जान बचाने के लिये संघर्ष किया हो। फिलहाल वे अपने भाई विकास को लापता मानकर चल रहे हैं।
शव की नहीं हुई है पहचान
शव की पहचान नहीं हुई है और न ही यह पता चल सका है कि मामला हत्या का है या फिर कुछ और। गांव से लापता युवक के परिजनों को शक है कि यह शव उसी का हो सकता है। क्योंकि उसके पास से कपड़ों के कुछ टुकड़े मिले हैं। फिलहाल शव को जांच के लिए रोहतक भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व डीएनए टेस्ट के बाद ही पता चलेगा की मृतक कौन है और उसकी मौत कैसे हुई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।
सतीश कुमार, थाना प्रभारी, पूंडरी
बुरी तरह जला हुआ है शव
शव बुरी तरह जला हुआ है और पहचान मुश्किल है। फिर भी कपड़ों की जांच के बाद ही इस मामले में कुछ कहा जा सकता है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
सतीश गौतम, डीएसपी