मादक पदार्थ तस्कर आरोपी संदीप व जानकारी देते एसपी मकसूद अहमद।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पुलिस की स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने रविवार को चार किलो अफीम के साथ आरोपी को कैथल के बस अड्डे के निकट से गिरफ्तार किया है। आरोपी की बिहार से पंजाब के खनौरी में अफीम ले जाने की योजना थी। थाना सिविल लाइन में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज किया गया है।
एसपी मकसद अहमद ने ने बताया कि रविवार को स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर अमित कुमार की अगुवाई में टीम करनाल बाईपास पर मौजूद थी। इस दौरान पुलिस पार्टी को जानकारी मिली कि पंजाब के जिला पटियाला के मंशीगन गांव का रहने वाला संदीप उर्फ चीमा अफीम तस्करी करता है। वह अफीम लेकर पंजाब जाने के लिए नए बस अड्डे के पास रेलवे फाटक पर खड़ा है।
इस पर पुलिस टीम ने रेलवे फाटक के पास दबिश दी। आरोपी संदीप ने भागने की कोशिश की। पुलिस पार्टी ने सतर्कता दिखाते हुए संदीप को पकड़ लिया। एसपी ने बताया कि पुलिस की सूचना पर पहुंचे कैथल के नायब तहसीलदार आशीष कुमार के समक्ष संदीप की तलाशी ली गई।
इस पर आरोपी से एक पॉलिथीन से चार किलो अफीम बरामद हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर थाना सिविल लाइन में एनडीपीएस एक्ट मामला दर्ज किया गया। वह इस अफीम को बिहार से लेकर आया है। वह यहां बस से पहुंचा था। आगे उसकी योजना पंजाब के खनौरी जाने की थी।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशा करने का आदि है और पहले भी नशा तस्करी के मामले में पकड़ा जा चुका है। जेल में उसकी जान पहचान अन्य आरोपी से हो गई, जो उसके माध्यम से मादक पदार्थ लेकर सप्लाई करने लगा।
उन्होंने बताया कि आरोपी पर कुल सात मामले दर्ज है, जिनमें अंबाला जिला में चोरी व धोखाधड़ी के दो, धोखाधड़ी के दो मामले सिविल लाइन कैथल में व तीन मामले थाना शाहाबाद जिला कुरुक्षेत्र में चोरी व नशा तस्करी के दर्ज हैं।